हत्या और लूट के मामले में दो दोषियों को उम्रकैद:फतेहपुर में 12 साल पुराने मामले में फैसला, 50-50 हजार रुपए जुर्माना
फतेहपुर में 2014 के हत्या और लूट के मामले में अदालत ने सोहनलाल और छोटू को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। शनिवार को अपर सत्र न्यायाधीश/FTC-2 की अदालत में जज अजय सिंह प्रथम ने यह फैसला सुनाया। मामले में 12 गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे। बीमार होने की बात कहकर साथ ले गया था मामला खागा थाना क्षेत्र के बैरागी का पुरवा गांव का है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार के मुताबिक, 12 सितंबर 2014 की रात करीब 8 से 9 बजे छोटू लाल उनके भाई भैरव प्रताप को परिवार के सामने अपने साथ ले गया था। उसने परिवार को बताया था कि भैरव की तबीयत खराब है। घर पहुंचने पर बरामदे में मिला शव 14 सितंबर को सोहन ने भैरव के मोबाइल से परिवार को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और वह नत्थू के घर पर है। परिवार के लोग वहां पहुंचे तो सोहनलाल, छोटू, राकेश और नत्थू शेड की ओर भागने की तैयारी में थे। नत्थू ने बताया कि भैरव घर के अंदर बीमार पड़ा है। परिजन अंदर पहुंचे तो भैरव का शव बरामदे में मिला। 10 हजार रुपए और सोने की मोहर गायब थी परिवार के मुताबिक, घर से निकलते समय भैरव के पास 10 हजार रुपए थे और उसने गले में सोने की मोहर पहन रखी थी। नत्थू के घर पर उसका शव मिलने के बाद दोनों चीजें गायब मिलीं। आरोप था कि रुपए और सोने की मोहर लूटने के बाद भैरव की हत्या कर दी गई और शव वहीं छोड़कर आरोपी भाग गए। हत्या में उम्रकैद, लूट में 10 साल की सजा मामले में अदालत ने सोहनलाल, छोटू और राकेश को दोषी माना। नत्थू पहले से फरार था, जबकि सुनवाई के दौरान राकेश अदालत में पेश नहीं हुआ। अदालत ने सोहनलाल और छोटू को हत्या के मामले में उम्रकैद और 50-50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। इसके अलावा लूट के मामले में दोनों को 10-10 साल की कैद और 20-20 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)