बरेली में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी की कोशिश:पुलिस की चेतावनी के बाद भी हकीम खुर्शीद को फोन कर धमकाया, दिल्ली में मिला सुराग
बरेली में हकीम खुर्शीद को निशाना बनाने वाले ठगों ने पुलिस की चेतावनी के बाद भी उन्हें फोन कर धमकाने की कोशिश की। शुरुआती जांच में आरोपियों की लोकेशन दिल्ली में सामने आई है। साइबर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
हकीम खुर्शीद की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों से फोन पर बात कर उन्हें कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। आरोपियों ने अभद्रता की और कॉल काट दी। इसके बाद उन्होंने खुर्शीद को दोबारा फोन किया।
पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए कॉल से जुड़े तकनीकी सबूत जुटा रही है। शुरुआती जांच में दिल्ली से कनेक्शन सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस की मदद लेने की तैयारी है। साइबर टीम फोन करने वालों की पहचान, इस्तेमाल किए गए नंबरों और उनकी लोकेशन की जांच कर रही है।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर रुपये ऐंठने की कोशिश का बरेली में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले फतेहगंज पूर्वी इलाके में साइबर ठगों ने एक सेवानिवृत्त दरोगा और उनके बेटे को निशाना बनाने की कोशिश की थी। आरोपियों ने जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर उन्हें डराया, लेकिन समय रहते पुलिस से संपर्क करने के कारण वे ठगी से बच गए।
साइबर पुलिस ने लोगों से कहा है कि वीडियो कॉल पर कोई अनजान व्यक्ति खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर धमकाए, तो घबराएं नहीं। कानूनी जांच के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर रुपये वसूलने का कोई वैधानिक प्रावधान नहीं है। ऐसे फोन आने पर पैसे ट्रांसफर न करें और बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
ऐसे मामलों में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या नजदीकी थाने को सूचना दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)