जमीन की रंजिश में पशुशाला में आग लगाने का आरोप:संभल में 6 से अधिक पशु झुलसे, मालिक ने पुलिस को दी तहरीर
संभल में जमीन के विवाद की रंजिश में बेजुबान पशुओं को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई है। रायसत्ती थाना क्षेत्र के तस्तपुर गोसाई गांव में शनिवार की भोर में पशुशाला में आग लग गई। आग की चपेट में आकर आधा दर्जन से अधिक पशु बुरी तरह झुलस गए। पशुशाला में आग लगने की जानकारी पशु मालिक को सुबह करीब आठ बजे हुई। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित ने दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गांव निवासी मोहम्मद फुरकान ने बताया कि आग से उनके पशुओं को गंभीर नुकसान पहुंचा है। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पशुओं को बचाने का प्रयास किया। सूचना पर 112 पुलिस की गाड़ी और चौकी पुलिस के कर्मचारी भी पहुंचे। आग में झुलसे पशुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। फुरकान के मुताबिक, करीब पांच साल पहले उन्होंने जमीन खरीदी थी। जमीन के लेनदेन को लेकर मुसर्रत और उनके बेटे से विवाद चल रहा था। उनका दावा है कि करीब छह-सात दिन पहले मियां सराय चौकी पर भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी। उन्होंने जमीन के हिसाब से बकाया रकम देने की बात कही थी, जबकि दूसरा पक्ष दोनों प्लॉटों के बदले छह लाख रुपये मांग रहा था। इसी दौरान उन्हें धमकी भी दी गई थी। पीड़ित ने इसी विवाद को लेकर पशुशाला में रंजिशन आग लगाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, उन्होंने किसी को आग लगाते हुए देखने की बात नहीं कही। उनका कहना है कि जमीन का विवाद बातचीत या कानूनी तरीके से सुलझाया जा सकता है, लेकिन बेजुबान पशुओं को नुकसान पहुंचाना बेहद दर्दनाक है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पीड़ित ने शनिवार दोपहर 12 बजे पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)