इजराइली हमले में हमास कमांडर, पत्नी-दो बच्चों की मौत:हेलिकॉप्टर से अपार्टमेंट पर मिसाइल दागी; 24 घंटे में दूसरा बड़ा सुरक्षा अधिकारी मारा गया
इजराइल ने बुधवार सुबह गाजा में हमास के एक बड़े कमांडर मोहम्मद अबुएलौफ के अपार्टमेंट पर मिसाइल से हमला किया। हमले में अबुएलौफ समेत उनकी पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई। रॉयटर्स के मुताबिक अबुएलौफ हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग में थे। इजराइली हेलिकॉप्टर से गाजा सिटी के पश्चिमी इलाके में स्थित बीच रिफ्यूजी कैंप के एक अपार्टमेंट पर मिसाइल दागी थी। हमले में अपार्टमेंट पूरी तरह तबाह हो गया। पिछले 24 घंटे में हमास के आंतरिक सुरक्षा विभाग के दो बड़े अधिकारी इजराइली हमले में मारे गए हैं। मंगलवार को इजराइली सेना ने इसी विभाग के प्रमुख नईम अबू नाहेल को मार दिया था। हमले के बाद की 2 तस्वीरें इजराइल बोला- कई लड़ाकों को निशाना बनाया इजराइली सेना ने कहा कि उसने गाजा में कई सैन्य लड़ाकों को निशाना बनाया है। हालांकि, सेना ने हमले के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है। मंगलवार को नईम अबू नाहेल की मौत के बाद इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि हमास इजराइल की पहुंच से बच नहीं सकता। हमास का आंतरिक सुरक्षा विभाग उन फिलिस्तीनियों पर नजर रखता है, जिन पर इजराइल की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का शक होता है। यह विभाग इजराइल की योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी जुटाता है। सीजफायर के बाद भी गाजा में हमले जारी गाजा में अक्टूबर 2025 में सीजफायर लागू हुआ था, लेकिन इसके बाद भी इजराइल के हमले जारी हैं। फिलिस्तीनी और इजराइली आंकड़ों के मुताबिक, सीजफायर के बाद से अब तक कम से कम 1,600 फिलिस्तीनी और 5 इजराइली सैनिक मारे जा चुके हैं। सीजफायर के समय इजराइली सेना का गाजा के आधे से कुछ ज्यादा हिस्से पर कब्जा था। अब वह करीब दो-तिहाई इलाके को नियंत्रित कर रही है। गाजा के समुद्र तट के पास के एक छोटे हिस्से पर हमास का नियंत्रण है। अक्टूबर 2023 में युद्ध शुरू होने के बाद से इजराइली हमलों में 74 हजार से ज्यादा फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। इस दौरान गाजा की पूरी आबादी को अपना घर छोड़ना पड़ा है और वहां खाने-पीने का गंभीर संकट भी पैदा हुआ है। इजराइल का कहना है कि अक्टूबर 2023 में हमास के नेतृत्व वाले हमले के बाद उसने आत्मरक्षा में सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। उस हमले में इजराइल के 1,200 लोग मारे गए थे और 250 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया गया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)