अमेरिकी सैनिक चीन को सेना के सीक्रेट बेच रहा था:मिसाइल और रॉकेट सिस्टम तक की जानकारी दी, CCTV फुटेज में तस्वीरें लेते पकड़ा गया
अमेरिकी सैनिक पैसों के लिए अपने ही देश की सैन्य जानकारी चीन से जुड़े लोगों को बेच रहा था। वह सेना के सीक्रेट दस्तावेजों की तस्वीरें अपने मोबाइल से खींचता और उन्हें आगे पहुंचाता था। इन दस्तावेजों में मिसाइलों और रॉकेट सिस्टम से जुड़ी अहम जानकारियां थीं। सेना के CCTV कैमरों में उसकी यह हरकत रिकॉर्ड हो गई। अब उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी का नाम जियान झाओ है। उसकी उम्र 37 साल है। वह वॉशिंगटन के जॉइंट बेस लुईस-मैककॉर्ड में तैनात था। सेना में रहते हुए उसे कई दस्तावेजों और सैन्य उपकरणों तक पहुंच मिली हुई थी। जांच एजेंसियों के मुताबिक उसने इसका गलत फायदा उठाया। सीक्रेट बेचने के बदले हजारों डॉलर मिलते थे झाओ अपने निजी मोबाइल से सेना के गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीरें खींचता था। इनमें सेना के ऑपरेशन, कम्युनिकेशन नेटवर्क, सैन्य अभ्यास और रॉकेट-मिसाइल सिस्टम से जुड़ी जानकारी थी। उसने रॉकेट सिस्टम से जुड़ी तकनीकी किताबों के कुछ हिस्से भी चीन से जुड़े लोगों को दिए। इसके अलावा उसने सेना के कंप्यूटर और सरकारी हार्ड ड्राइव बेचने की पेशकश भी की थी। जांच के मुताबिक, इस काम के बदले उसे हजारों डॉलर मिले। पूर्व सैनिक भी साजिश में शामिल अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक यह साजिश 2021 के आखिर में शुरू हुई थी। इसमें रूयो डुआन नाम का एक पूर्व अमेरिकी सैनिक भी शामिल था। वह ओरेगन में रहता था। डुआन ने झाओ और सेना में काम कर रहे दूसरे सैनिकों को गोपनीय जानकारी देने के लिए तैयार किया था। वह चीन से जुड़े लोगों तक यह जानकारी पहुंचाने और सैनिकों को पैसे दिलाने का इंतजाम करता था। डुआन भी इस मामले में अपना जुर्म कबूल कर चुका है। CCTV में तस्वीरें लेते दिखा, 17 लाख रुपए मिले जांच एजेंसियों ने सेना के CCTV कैमरों की फुटेज में झाओ को गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीरें लेते देखा। इसके बाद 6 मार्च 2025 को उसे वॉशिंगटन के लेसी शहर में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। घर की तलाशी में करीब 30 हजार डॉलर यानी लगभग 27 लाख रुपए नकद मिले। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान और सेना की कई हार्ड ड्राइव भी बरामद हुईं। झाओ को इस साजिश से 17 लाख रुपए मिले थे। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा- सैनिकों की सुरक्षा खतरे में डाली अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि झाओ ने सेना में मिली अपनी जिम्मेदारी का गलत इस्तेमाल किया। उसने पैसों के लिए गोपनीय जानकारी चीन से जुड़े लोगों को दी। सेना के काउंटर इंटेलिजेंस कमांड के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल सीन स्टिंचन ने कहा कि झाओ ने सेना की शपथ और अपने साथियों के भरोसे को तोड़ा। उसकी हरकत से सैनिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। FBI के अधिकारी डग ओल्सन ने कहा कि निजी फायदे के लिए देश की गोपनीय सैन्य जानकारी देना अमेरिका की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। 10 साल तक की जेल हो सकती है झाओ को इस मामले में ज्यादा से ज्यादा 10 साल की जेल हो सकती है। इसके अलावा उस पर 2.5 लाख डॉलर तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है। जेल से रिहा होने के बाद उस पर तीन साल तक निगरानी रखी जा सकती है। इस मामले में सजा का ऐलान 1 मार्च 2027 को होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)