बांदा में 5-6 हजार महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली:इंद्रेश जी महाराज की भक्त चरित्र कथा 26 नवंबर से शुरू होगी
बांदा शहर में बुधवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक इंद्रेश जी महाराज की पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के आयोजन से पहले भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा दोपहर 1 बजे शुरू हुई और 3 बजे पंडित जे एन डिग्री कॉलेज में इसका समापन हुआ।इसमें करीब पांच से छह हजार महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर सहभागिता की। पीले वस्त्रों में सजी महिलाओं की लंबी कतार, हाथी, ऊंट और धार्मिक झांकियां यात्रा का आकर्षण रहीं। धार्मिक जयकारों से शहर के प्रमुख मार्ग भक्तिमय हो गए। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान और सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के तत्वावधान में निकाली गई कलश यात्रा की शुरुआत अलीगंज स्थित रामलीला मैदान से हुई। यहां से यात्रा बाबूलाल चौराहा, मुख्य बाजार होते हुए गूलर नाका पहुंची। इसके बाद माहेश्वरी देवी मंदिर, रामलीला मैदान, स्टेशन रोड, नया पुल और महाराणा प्रताप चौक होते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान स्थित कथा स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश रखकर भजन-कीर्तन और धार्मिक जयकारे लगाते हुए चल रही थीं। यात्रा में शामिल हाथी और ऊंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में यात्रा को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। महिलाओं की बड़ी भागीदारी के चलते यात्रा का स्वरूप काफी भव्य नजर आया। कल यानी 26 नवंबर से पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में इंद्रेश जी महाराज के श्रीमुख से श्री भक्त चरित्र कथा शुरू होगी। कथा 30 नवंबर तक चलेगी। पांच दिनों तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक कथा का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें इंद्रेश जी महाराज भक्तों को भक्ति, अध्यात्म और भक्तों के चरित्र से जुड़े प्रसंग सुनाएंगे। आयोजन समिति की ओर से कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने की अपील पांचों दिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन होगा। आयोजकों ने जनपदवासियों से परिवार सहित पहुंचकर कथा श्रवण करने और धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)