इटावा में इंजेक्शन लगने के बाद बिगड़ी बच्ची की हालत:परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया, मामले की होगी जांच
इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में कथित झोलाछाप डॉक्टर के यहां इलाज कराने के बाद सोमवार शाम सात साल की छात्रा की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची को गलत इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान रामनगर, थाना इकदिल के रहने वाले अखिलेश की बेटी तन्नू (7) के रूप में हुई है। वह कक्षा चार की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, तबीयत खराब होने पर वे बच्ची को रीतौर के डॉक्टर रिशु दुबे के पास इलाज के लिए ले गए थे। आरोप है कि इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। थाने पहुंचे परिजन, कार्रवाई की मांग बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना से नाराज परिजन बच्ची का शव लेकर इकदिल थाने पहुंचे। मृतका के ताऊ कमलेश ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाया। इसके बाद वे पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। पुलिस और परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी ले गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान के मुताबिक, परिजनों ने इलाज के दौरान बच्ची की मौत होने की शिकायत की है। उन्होंने एक झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज को मौत की वजह बताया है। परिजनों की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)