इटली के मैटियो-कैटरीना ने हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी:धोती-कुर्ता और लाल जोड़े में लिए सात फेरे, वैदिक मंत्रों से गूंजा मंडप
ताजमहल को दुनिया प्यार की निशानी मानती है। इसी प्यार की नगरी में इटली से आए एक विदेशी जोड़े ने भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचा ली। सात्विक मंत्रों और वैदिक परंपराओं के बीच दोनों ने एक-दूजे को जीवनसाथी बनाया। इटली के लिगुरिया के रहने वाले मैटियो और कैटरीना पिछले कई दिनों से भारत की यात्रा पर हैं। भारत घूमने के लिए डीएफटी कंपनी के मैनेजमेंट गाइड के संपर्क में आए। जहां वे ताजमहल देखने के लिए वे आगरा आए। फिलहाल दोनों आगरा के एक होटल में ठहरे हुए हैं। वे पहले भी कई बार भारत आ चुके हैं और हर बार ताजमहल का दीदार करने जरूर आते हैं। बताया गया कि मैटियो और कैटरीना लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं। दोनों बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड हैं। भारत आकर उन्होंने सनातन संस्कृति को बेहद करीब से जाना है। हरिद्वार में गंगा स्नान, काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन और भारतीय परंपराओं को देखकर वे सनातन धर्म के प्रति आस्था रखने लगे हैं। दोनों ने कई बार शादी का प्लान बनाया, लेकिन किसी न किसी वजह से टलता रहा। इस बार उन्होंने तय किया कि शादी भारत में ही करेंगे, वह भी ताजमहल की नगरी में हिंदू रीति से। मंगलवार शाम 7 बजे पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया। शादी के दौरान हर मंत्र का हिंदी और अंग्रेजी में अर्थ भी समझाया गया, ताकि दोनों भारतीय विवाह परंपरा को समझ सकें। मैटियो ने धोती-कुर्ता पहना, वहीं कैटरीना लाल जोड़े में दुल्हन बनीं। अग्नि के सामने सात फेरे, सिंदूरदान और मंगलसूत्र की रस्म पूरे विधि-विधान से हुई। विदेशी कपल ने हर रस्म को पूरे उत्साह और श्रद्धा से निभाया। शादी के बाद दोनों ने कहा कि ताजमहल प्यार की सबसे बड़ी निशानी है, और यहीं शादी कर उनका प्यार भी अमर हो गया है। आगरा में हुई यह अनोखी शादी अब शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)