जालौन में फंदे पर लटका मिला युवक का शव:मटर मिल के ऊपरी हॉल में मिली लाश, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के फैक्ट्री एरिया स्थित श्री खाटू श्याम सोल टैक्स मटर मिल में गुरुवार शाम एक मजदूर का शव फंदे पर लटका मिला। राजाराम (40) का शव मिल के ऊपरी हॉल में सीढ़ियों की रेलिंग से गमछे के सहारे लटका था। शव देखकर मिल में काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर रात करीब 9 बजे पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चार साथियों के साथ मटर की छनाई करने आया था मृतक की पहचान राजाराम (40) पुत्र छोटे लाल, निवासी कुइया खेड़ा, मुबारकपुर, जिला खीरी के रूप में हुई है। वह पल्लेदारी का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार सुबह वह अपने चार अन्य साथियों के साथ कोंच के फैक्ट्री एरिया स्थित मटर मिल में मजदूरी करने पहुंचे थे। सभी को मिल में मटर की छनाई का काम करना था। बताया गया कि दिनभर काम करने के बाद देर शाम राजाराम मिल के ऊपरी हॉल में पहुंचे। वहां सीढ़ियों की रेलिंग से गमछे के सहारे उनका शव लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलने पर कोंच कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी जानकारी जुटाई और साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल राजाराम की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। राजाराम की मौत से परिवार में मातम छा गया है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का खर्च चलाते थे। उनके पीछे पत्नी और तीन बच्चे हैं। परिवार के कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों के सामने भविष्य और आजीविका को लेकर चिंता खड़ी हो गई है। घटना के बाद परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)