जौनपुर में ड्रोन हमले के बाद बिजली गुल, भीषण आग:दीवार काटकर इमारत में फंसे लोगों को फायर सूट पहनकर बचाया
जौनपुर में रविवार शाम छह बजे पुलिस लाइन्स में नागरिक सुरक्षा विभाग ने ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की। इसमें हवाई और ड्रोन हमले, आग बुझाने और इमारतों में फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन भी हुआ। अभ्यास के जरिए आपात स्थिति में अलग-अलग विभागों की तैयारी और आपसी तालमेल को परखा गया। रेड अलर्ट के साथ बजा सायरन, दो मिनट रहा ब्लैकआउट हवाई हमले की चेतावनी के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया। इसके बाद दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजा और पुलिस लाइन्स समेत आसपास के तय इलाके की बिजली बंद कर ब्लैकआउट किया गया। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने लोगों को सुरक्षित जगहों और बंकरों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर उन्होंने दुश्मन के ड्रोन को निष्क्रिय करने का प्रदर्शन किया। हवाई हमले के खत्म होने का संकेत देने के लिए ग्रीन सिग्नल के साथ सायरन बजाया गया। इसके बाद घटना नियंत्रण अधिकारी ने स्थिति का आकलन कर कंट्रोल रूम को सूचना दी। गैस सिलेंडर और पेट्रोल से लगी आग बुझाने का अभ्यास मॉक ड्रिल में गैस सिलेंडर और पेट्रोल से लगी आग बुझाने का अभ्यास किया गया। फायर सूट पहनकर घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद स्ट्रेचर से एंबुलेंस तक पहुंचाने का प्रदर्शन हुआ। टीमों ने ऊंची इमारत से जाल के जरिए लोगों को निकालने का अभ्यास किया। क्षतिग्रस्त कार का शीशा तोड़कर और दीवार काटकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रदर्शन भी किया गया। NDRF और SDRF की टीमों ने राहत और बचाव कार्य में हिस्सा लिया। सायरन और बिजली कटौती से न घबराने की अपील नगर मजिस्ट्रेट एवं उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा महीपाल सिंह ने बताया कि ऐसे अभ्यास से आपात स्थिति में विभागों की कार्यक्षमता, तैयारी और आपसी तालमेल मजबूत होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजने और बिजली कटौती से न घबराएं। अफवाहों पर भी ध्यान न दें। कार्यक्रम में चीफ वार्डन डॉ. मनोज वत्स, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और ARTO सत्येंद्र कुमार मौजूद रहे। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन विभागों के अधिकारी तथा अलग-अलग क्लबों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)