फिरोजाबाद पुलिस लाइन में 30 मिनट तक ब्लैकआउट:पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की टीमों ने किया अभ्यास

Nov 22, 2026 - 19:50
0
फिरोजाबाद पुलिस लाइन में 30 मिनट तक ब्लैकआउट:पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की टीमों ने किया अभ्यास
फिरोजाबाद में संभावित हवाई हमले या किसी आपातकालीन आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम 6 बजे पुलिस लाइन मैदान में सिविल डिफेंस एयर स्ट्राइक एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी-नियंत्रक नागरिक सुरक्षा संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुए इस अभ्यास में अलग-अलग विभागों की टीमों ने राहत और बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। आधे घंटे तक किया गया ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज के दौरान पुलिस लाइन परिसर की लाइटें बंद कर ब्लैकआउट किया गया। इसके बाद सायरन बजते ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। अचानक बदले माहौल के बीच सुरक्षा और बचाव टीमों ने अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। घायलों को सुरक्षित निकालकर दिया प्राथमिक उपचार अभ्यास में सिविल डिफेंस के जवानों के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस की टीमें शामिल रहीं। सभी विभागों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन का सजीव प्रदर्शन किया। जवानों ने काल्पनिक हादसे में घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने और एंबुलेंस से अस्पताल तक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। विभागों के बीच समन्वय और रिस्पॉन्स टाइम परखा मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित हवाई हमले या आपदा के दौरान ब्लैकआउट की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कई विभागों के बीच तालमेल मजबूत करना था। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने में लगने वाले समय का आकलन किया गया। नागरिकों से जागरूकता अभियानों में शामिल होने की अपील जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन के साथ आम नागरिकों का जागरूक और प्रशिक्षित होना भी जरूरी है। सिविल डिफेंस के गठन का उद्देश्य आम नागरिकों को आपदा प्रबंधन और राष्ट्र सेवा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और राष्ट्र की सेवा करें केवल नारा नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने नागरिकों से नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े जागरूकता अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही अभ्यास में शामिल अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मॉक एक्सरसाइज के जरिए प्रशासन ने संदेश दिया कि समय पर कार्रवाई, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और आम जनता की जागरूकता से आपातकाल में जनहानि और नुकसान को कम किया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User