जेल से छूटने के बाद आजम खान का पहला इंटरव्यू:कहा- जिस जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जुल्म हुए, उसे ढहा देना चाहिए

Nov 22, 2026 - 18:44
0
जेल से छूटने के बाद आजम खान का पहला इंटरव्यू:कहा- जिस जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जुल्म हुए, उसे ढहा देना चाहिए
जेल से रिहा होने के महज कुछ घंटों बाद ईडी की कार्रवाई। जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर का संकट और यूपी की बदलती सियासत…। सपा नेता मोहम्मद आजम खान ने जेल से बाहर आने के बाद पहली बार इस सभी मुद्दों पर खुलकर बात की है। आजम ने न केवल अपनी गिरफ्तारी के तरीकों और जेल की यातनाओं का दर्द बयां किया, बल्कि भावुक होते हुए यहां तक कह दिया कि जिस यूनिवर्सिटी के लिए उनके परिवार ने इतने जुल्म सहे, अब वे खुद चाहते हैं कि उसे ढहा दिया जाए। पढ़िए आजम खान का पूरा इंटरव्यू... सवाल. रामपुर जेल से निकलते ही ED ने आपको गिरफ्तार कर लिया। क्या इसका अंदेशा आपको पहले से था? आजम. नहीं…बिल्कुल नहीं। न कोई इत्तिला थी, न अंदेशा था। लेकिन इसकी खबर रामपुर जेल के सुपरिंटेंडेंट को थी। हमने कहा था कि आप हमें बता दीजिए। जाहिर है, हम जेल से कूदकर तो चले जा नहीं जाएंगे। बाहर भीड़ है। इस तरह गिरफ्तारी करेंगे तो हो सकता है कि लोग जज्बाती हो जाएं। कोई लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पैदा हो जाए। यह वारंट यहीं पर सर्व करा दीजिए, हम यहीं रुक जाएंगे। रात में किसी वक्त या कल दिन में, जब भीड़ यहां से चली जाए। आप जहां चाहें, ले जाएं। यह पहली बार तो नहीं है, ऐसा कई बार हो रहा है। रात के तीन बजे उठाकर ले गए हैं। बड़ी प्रताड़नाएं दी गईं हैं। लेकिन हमसे गलत बयानी की गई। सवाल. क्या जेल में नोटिस आपको दिया गया? आजम. कभी-कभी जुल्म भी राहत बन जाती है। अगर मैं जेल में रहा होता तो मुझे नोटिस सर्व हो जाता, वारंट सर्व हो जाता। मैं दस्तखत भी करता। कानून को मानने वाला शख्स हूं। लेकिन बाहर निकलकर जिस आपाधापी में मेरी गिरफ्तारी हुई, वो गैरकानूनी थी। न मुझे कोई नोटिस सर्व हुआ, न कोई वारंट सर्व हुआ और न ही मुझे बताया गया। मुझसे तो यह कहा गया कि हम बस आपसे कुछ गाड़ी में बैठे-बैठे बात करेंगे। आपको हो सकता है हम थोड़ी देर में आपके घर पहुंचा दें। सवाल. आपसे ED ने 13, 14 और 15 अक्टूबर को भी पूछताछ के लिए समय लिया था। उसके बाद फिर गिरफ्तारी हुई। क्या आपसे कुछ मिस हैंडलिंग हुई? आजम. मुझे चार-छह दिन सीतापुर में भी इन्टरोगेट किया गया था, हालांकि उस समय तो मेरी तबीयत बहुत खराब थी। कोरोना हो गया था। पांच महीने मैं बैरक में रहा था, लेकिन बहुत ही गलत सुलूक नहीं किया गया। मैंने लाख कहा कि थोड़े दिन मेरी तबीयत ठीक हो जाए। मैं जेल में ही तो हूं…कहां जा रहा हूं? और सवाल यह होता था कि घंटा, दो घंटे बाद मैं जो भी चीज बैठने के लिए मांगता था, कभी स्टूल मिल गया, कभी टूटा हुआ कोई सामान। मैं गिर जाता था नीचे…मेरे कई बार चोटें आई है। वहां कैमरे नहीं लगाते थे, इसलिए कि जो मेंटल टॉर्चर था या किसी हद तक फिजिकल भी था, ताकि वह सामने नहीं आ सके। अब जैसे यहां रामपुर में जब मुझे गिरफ्तार किया, तो मेरी पीठ में काफी जख्मी हो गई थी, अभी तक दर्द है। वहां जाकर मुझे दवा करनी पड़ी, मरहम लगाना पड़ा। फिर डॉक्टर ने गर्म पानी की बोतल खरीदकर सिकाई भी कराई। तो काफी पीड़ा हुई। ईडी वालों ने तो नहीं किया ऐसा, लेकिन जो मुरादाबाद की पुलिस आई थी, उसके अंदर न जाने क्यों, हमारे लिए ज्यादा घृणा थी …। सवाल. जौहर यूनिवर्सिटी में पहले जमीन को लेकर, फिर वहां के नक्शे को लेकर, फिर फंडिंग को लेकर एक विवाद बनाने की कोशिश की गई। इसका भविष्य आप क्या देखते हैं? आजम. मैं मुकदमा वापस लेने वाला हूं। कमिश्नर के यहां इमारतों की अपील है, रामपुर प्राधिकरण ने हमें नोटिस दिया कि आपने हमारे यहां से नक्शे पास नहीं कराए, लिहाजा यह डिमॉलिश कर दिया जाएगा। प्राधिकरण ने उन इमारतों को गिराने के आदेश दे दिए, प्राधिकरण के बनने के 10 साल पहले यूनिवर्सिटी बन चुकी थी। जब प्राधिकरण वजूद में ही नहीं था, तो नक्शे पास किससे कराते? तो मैं वो अपील विदड्रा कर रहा हूं। मैं चाहता हूं, अपने बुलडोजर लाएं और इस यूनिवर्सिटी को गिराएं। मैं भी चाहता हूं कि इसे गिरा दिया जाए, क्योंकि इतनी नफरत के बाद एक मुसलमान के बनाए हुए शिक्षा के मंदिर के साथ इतनी हैवानियत का सुलूक, इतना जुल्म, इतनी क्रूरता मेरे और मेरे परिवार के साथ बरती गई। मुझे यह कहना पड़ा गाजियाबाद अदालत में जज साहब से आंसुओं के साथ कहना पड़ा कि जज साहब, हमें पूरे परिवार के साथ इच्छा मृत्यु की इजाजत दे दीजिए या हमें देश से जाने के लिए कह दीजिए। दुनिया में जहां भी हमें जगह मिल जाए, वहां जाने के लिए कह दीजिए, क्योंकि इतनी नफरत न दिल से बर्दाश्त होती है और न ही शरीर बर्दाश्त करता है। ढाई साल तक मेरी बीवी जेल में रही हैं। करीब साढ़े तीन साल बेटा जेल में रहा है। बहुत से लोग बेगुनाही के मुकदमों में आज भी चल रहे हैं। सवाल. जब आपको जेल के अंदर खबर लगी कि यूनिवर्सिटी को गिराने का आदेश हुआ है, उस वक्त आपके दिल पर क्या बीती? आजम. कुछ नहीं, बिल्कुल गिराइए और आप देखेंगे कि इसे गिराने के बाद इन खंडहरों को लोग उसी तरह देखने जाएंगे, जैसे रोमन एम्पायर के गिरे हुए अवशेषों को देखने जाते हैं। मैं इसलिए अपील वापस ले रहा है। देखिए, एक यूनिवर्सिटी से इतनी घृणा, अब हमें खुद पर शर्म आती है। जिस तरह से डीएम रामपुर ने 2 स्कूल खाली कराए। छोटे बच्चों के सिर पर कुर्सियां रखवाकर कमरे खाली करवा लिए गए। बेटी पढ़ाओ, बटी बढ़ाओ… शायद ये सच्ची लाइन होगी, लेकिन ऐसी तालिम से क्या हासिल हो सकेगा। सवाल. आज के पढ़े-लिखे बच्चों को लेकर आप क्या सोचते हैं? आजम. करीब 100 पढ़े-लिखे बच्चे रोज आत्महत्या कर रहे हैं। लिख रहे है कि पापा-मम्मी, हम आपसे माफी चाहते हैं। हम आपके अरमान पूरे नहीं कर सके। ऐसी पढ़ाई से क्या फायदा? कोई नौकरी, कोई काम तो मिलना नहीं है। हम अपना भविष्य नहीं बना पाएंगे, अपनी जिंदगी नहीं सजा पाएंगे। मैंने जज साहब से कहा कि अगर मुझे यह मालूम होता कि एक ऐसा दौर आएगा, जब शिक्षा का यह संस्थान इतने जुल्म सहेगा, तो मैं जाहिल रहना पसंद करता। रिक्शा चलाता। अपनी औलाद को एमटेक बनाने के बजाए मैं उसे बीड़ी बनाने वाला बनाता। क्योंकि आजादी से बड़ी कोई दौलत नहीं है। यह मेरी बदनसीबी है। मैं भी पढ़ा-लिखा और औलाद को भी पढ़ाया। मुझसे गलती हुई। मैं उसके लिए आपसे माफी चाहता हूं। सवाल. जेल से आने के बाद आपने कहा था कि सैलाब होगा, इंकलाब होगा, क्या इंतकाम भी होगा? आजम. यह तो मैंने पहले ही कह दिया। बहुत घटिया लोग होते हैं, बहुत जालिम, क्रूर लोग होते हैं। हैवान होते हैं, और सच कहिए तो इंतहाई कमीने होते हैं, जो बदले के बारे में कुछ भी सोचते हैं। बदला और इंसाफ दो अलग चीजें हैं। इंसाफ आसमान वाला भी करता है और अदालत की कुर्सियों पर बैठे हुए न्यायमूर्ति भी करते हैं। मैं हमेशा अपनी तकरीरों में कहता था कि जमीन वालों के साथ इंसाफ करो। लेकिन अगर तुम उनके साथ इंसाफ नहीं करोगे, तो फिर इंसाफ आसमान वाला करेगा। जब वह इंसाफ करेगा, तुम बर्दाश्त नहीं कर पाओगे। पनाह नहीं मिलेगी। कहीं जमीनें फट जाएंगी, तेज हवाओं के साथ लोगों की लाशें उड़ जाएंगी। जो इमारतों से निकलकर भागेंगे, वो इमारतें ढह जाएंगी। इमारतों से निकलने में कामयाब हो जाएंगे, तो जमीनें फट जाएंगी, उनमें तूफान उठेंगे। यह इसी आजाद हिंदुस्तान में हो रहा है। दुनिया में तो हुआ है, यहां भी हुआ है। सवाल. जिन आईएएस ने आपके खिलाफ केस किया, अब सामने आ रहा है कि वो खुद भी जमीन की हेरफेर कर चुके है, क्या कहेंगे? आजम. मैं खुद सरकार में रहा हूं, इस पद के लोग हमारे मातहत रहते थे, क्योंकि मैं बहुत सख्त था और अपने दामन को मैंने साफ रखने की कोशिश की थी। ये सरकारी मुलाजिम थोड़े कंट्रोल में रहते हैं, वरना आमतौर पर सरकारी मुलाजिम भ्रष्ट रहते हैं, सुना तो हमने बहुत कुछ है, लेकिन थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। चीजें पता चल जाती हैं, चीजों को दबाने में कामयाबी हासिल कर लेते हैं। लेकिन सरकारें बड़ी चीज हैं। सवाल. विधानसभा चुनाव नजदीक है। ओवैसी साहब ने गठबंधन किया है, क्या ये सपा खिलाफ है या भाजपा के खिलाफ है? आजम. सपा जिनसे लड़ेगी, उनकी मदद है। अब कौन-कौन होगा सपा के खिलाफ, यह तो मैं नहीं कह सकता। लेकिन ये उन लोगों की मदद कर नहीं पाएंगे। ये उस अंजाम तक पहुंचेंगे, इंशाअल्लाह। अल्लाह की ऐसी लानत होगी और इतना सख्त हिसाब होगा कि अल्लाह की तरफ से बच नहीं पाएंगे। यकीनन, जिन लोगों ने अदब की तौहीन करने का गुनाह किया है, उन पर अल्लाह की तरफ से लानत जरूर आएगी। यकीनन, 'अब्दुल' तनहा नहीं लिखा जाता, न पढ़ा जाता है, न बोला जाता है। 'अब्दुल' का मतलब है बंदा। किसका बंदा? अब्दुल रब, अब्दुल रज्जाक, अब्दुल खालिक, अब्दुल शफीक, अब्दुल रहीम, अब्दुल रहमान। तो जो अपने आका, अपने मालिक को 'अब्दुल' के नाम पर नौजुबिल्लाह, उसकी तौहीन कर रहा है, वो अल्लाह तआला अपनी इस तोहीन को बर्दाश्त नहीं करेगा। तो जो अपने अल्लाह का बागी हो, सिर्फ सियासत के लिए, घटिया वोट के लिए...। और एक ऐसा शख्स, जिसके सिर्फ चार MLA हों अपने राज्य में, भाई आप यहां पर एक साहब को मुख्यमंत्री बनाने आए हैं, बड़ी अच्छी बात है, बनाइए। लेकिन वो चार से पांच MLA ही कर लीजिए। हम तो हिम्मत की दाद दे रहे हैं बैरेस्टर साहब की कि चार MLA वहां हैं और 400 के लिए चुनाव लड़ने आ रहे हैं। उन्हें चाहिए कि अपना पैर वापस करें, वरना यहाँ उन्हें… जो हमारे यहां सियासत की खेती है, वो चरने के लिए आ रहे हैं। यहां पर कुछ ऐसी घास भी है, जो जहरीली है। तो इसे चरागाह न समझें। जगहें बहुत सी हैं, वहां चर लें। यहां हम हैं तो हम इतने मुकदमे और इतनी जेल काटे हुए हैं। बता सकते हैं उनकी क्या कुर्बानी है? क्या कुर्बानी है उनकी? घर में तो यह कहा गया कि जरा दस मिनट के लिए पुलिस और फौज हटा दो, काटकर डाल देंगे। किनको? जिनका मैं नाम नहीं ले सकता और लेना भी नहीं चाहिए। वो बरी हो गए। और मुझे एक सरकारी मुलाजिम कहता है कि मैंने उसे तनखैया कह दिया, जबकि नहीं कहा। हालांकि 'तनखैया' एक बहुवचन रहा है और मेरी सदस्यता चली गई। और जो कहता है कि फौज-पुलिस हटा लो, काट डालूंगा, वो बरी हो जाता है। तो किसका, किसका आशीर्वाद आपको हासिल है? आपके सिर पर किसका साया है, अल्लाह के अलावा? सवाल. कल सहारनपुर में ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। वो मुजफ्फरनगर का बहुत जिक्र करते हैं? आजम. साहब, वो जिक्र करते है, तो बड़ा अच्छा किया। मुजफ्फरनगर वो गए, उनकी बड़ी खिदमात हैं। साहब, मैं गया तो मैंने खाना बंटवाया, उनको खाना खिलवाया और जिनके पास पहनने के लिए अच्छे कपड़े नहीं थे। मगर मुझे तो यह लगता है कि जिस मजहब, जिस दीन से उनका ताल्लुक है, जो उनका लिबास, उनकी शक्ल है और जो उनका नाम है, उनके मजहब में मेरा भी वही दीन है। दूसरे हाथ को भी यह मालूम नहीं कि तुमने उसकी मदद की है। लेकिन हमारे बैरिस्टर साहब ने पूरी दुनिया में मुजफ्फरनगर वालों को जलील किया कि उन दौलतमंद साहब ने उन्हें भूखों को खाना खिलाया, नंगों को कपड़े बांटे। अल्लाह से तौबा करना चाहिए। ये मुनासिब नहीं है। सवाल. आपकी क्या भूमिका रहने वाली है इस इलेक्शन में? आजम. देखिए, यह तो मेरा 50 बरस का उस घर से रिश्ता है। अगर वो रोज भी मिलने आते तो शायद कम था। ऐसा ही रिश्ता है। अब तो उन रिश्ते-नातों की बुनियाद पर आना-जाना रहता था। जो दूसरे के गम में शरीक थे, वो मेरे गम का एहसास रखते होंगे। अब क्या होगा, यह तो देखते हैं। हम किस काबिल होंगे। और अभी तो पता भी नहीं कि उनके चुनावों तक बाहर रहेंगे भी या नहीं रहेंगे। सवाल. चुनाव लड़ने में थोड़ी अड़चनें अभी बाकी हैं? आजम. कोई जरूरी नहीं है कि हम चुनाव लड़ें, सरकार आनी चाहिए। सवाल. फैमिली में कोई और सदस्य है? आजम. कोई भी नहीं लड़े, कोई फर्क नहीं पड़ता। सरकार आनी चाहिए। सवाल. अपनी विरासत के बारे में आपको अब्दुल्ला पर कितना यकीन है? आजम. उसने मुझसे ज्यादा जुल्म सहे। छोटी-सी उम्र में झूठे मुकदमे, फर्जी इल्जामात सहे उसने। जेल काटी, तकलीफें उठाईं, जहर तक दिया गया उसे। सब कुछ बर्दाश्त किया है। सवाल. बहुत बड़ी बात कर रहे हैं, जहर तक दिया गया? आजम खान: सुना है सब। सवाल. कई विधायक बनाए, सांसद बनाए, राज्यसभा भेजा, विधान परिषद भेजा। वो अब कहां हैं? आजम. वो आंखों से ओझल हैं, दिखते ही नहीं वो…। और यह कोई ऐसी बात नहीं है, जिसका मुझे गम हो या मलाल हो। क्योंकि जो काम है, वो अहले सियासत जानें। मेरा पैगाम मोहब्बत है, जहाँ तक पहुंचते हैं। अगर मैं सियासत वाला ही होता, तो मेरे साथ क्या अंजाम थोड़ी ही होता? मैं समझौता कर लेता, जैसे कर लेते हैं लोग। वो मैं नहीं कर सकता हूं। सवाल. जेल में रहते हुए सबसे मुश्किल दौर कौन-सा आपको लगा? आजम. हर दिन सख्त था, हर रात सख्त रही, हर सुबह बहुत कड़वी थी। रात को सोते थे तो सुबह की उम्मीद नहीं होती थी और सुबह होती थी तो अखबार में क्या खबर पढ़ने को मिलेगी, टीवी स्क्रीन पर क्या खबर आएगी, यही दिल दहलता रहता था। हमसे बड़ी नफरत की सरकार ने। केंद्र ने भी और राज्य ने भी। उसका हमें दुख रहा है। ----------- ये पढ़ें - आजम को जेल के बाहर ED ने गिरफ्तार किया:बोले- मुसलमान होने की सजा मिल रही; 11 महीने बाद रिहा हुए थे सपा नेता आजम खान बेटे अब्दुल्ला के साथ 11 महीने बाद रामपुर जेल से बाहर आए, लेकिन जेल के गेट से ही ED ने आजम को गिरफ्तार कर लिया। पहले जेल के बाहर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अफसरों ने आजम से पूछताछ की, फिर अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। ED आजम को गाजियाबाद कोर्ट में पेश करेगी। ED का आरोप है कि आजम ने जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन और ठेकों से जुड़े पैसों का दुरुपयोग किया है। एजेंसी 416.14 करोड़ रुपए के खर्च में अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। पढ़िए पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User