'मुसलमानों की मोहब्बत में मुल्ला मुलायम कहलाए नेताजी':संभल में भावुक हुए सपा विधायक, बोले ओवैसी हिंसा के बाद भी नहीं आए

Nov 22, 2026 - 19:01
0
'मुसलमानों की मोहब्बत में मुल्ला मुलायम कहलाए नेताजी':संभल में भावुक हुए सपा विधायक, बोले ओवैसी हिंसा के बाद भी नहीं आए
संभल में समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सदर विधायक इकबाल महमूद भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि नेताजी को आज भी भुला नहीं पा रहे हैं। उन्हें याद करते हुए आंखों में आंसू आ जाते हैं। मुसलमानों से उनकी मोहब्बत पहले भी थी और आज भी है। इसी मोहब्बत के चलते उन्हें मुल्ला मुलायम सिंह तक कहा गया, लेकिन उन्होंने इसकी परवाह नहीं की। विधायक ने कहा कि जो लोग कभी मुलायम सिंह यादव की आलोचना करते थे, वही आज उन्हें पद्म विभूषण सम्मान दे रहे हैं। रविवार शाम 4:30 बजे एक निजी मैरिज हॉल में मुलायम सिंह यादव की जयंती और विधायक के जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान केक काटकर दोनों का जन्मदिन मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक ने मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए उनके राजनीतिक योगदान और मुसलमानों के प्रति उनके रुख की चर्चा की। बोले- हिंसा के बाद संभल नहीं आए ओवैसी AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए इकबाल महमूद ने कहा कि 2024 में संभल में हुई घटना के बाद ओवैसी यहां लोगों का दर्द बांटने तक नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई में पांच लोगों की जान गई, लेकिन ओवैसी ने यहां आकर एक आंसू तक नहीं बहाया। विधायक ने ओवैसी के बैरिस्टर होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि मस्जिदों से जुड़े मुकदमों में उन्होंने मुसलमानों की कानूनी मदद के लिए क्या किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी प्रदेश में आकर लोगों को भड़काकर भाजपा को फायदा पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और मुसलमान ऐसा नहीं होने देंगे। ओपी राजभर के बयान पर भी दिया जवाब ओपी राजभर के मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने संबंधी बयान पर इकबाल महमूद ने कहा कि आजादी के बाद से देश के प्रधानमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर हिंदू रहे हैं। मुसलमानों ने कभी इस पर एतराज नहीं किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने मुसलमानों को आगे बढ़ाने और उन्हें राजनीतिक ताकत देने का काम किया, इसलिए वह उन्हें अपना नेता मानते हैं। ट्रंप और नेतन्याहू का भी किया जिक्र विधायक ने कहा कि जनता ने अपने वोट की ताकत से बड़े-बड़े नेताओं को हराने की ताकत दिखाई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दो जालिम हार चुके हैं, अब दो और बाकी हैं। जनता को उन्हें भी हराने का काम करना है। पाकिस्तान को बताया दुश्मन देश पाकिस्तान के जलवायु मंत्री के भारत आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा जाना चाहिए। पाकिस्तान हमारा दुश्मन है और जब तक वह सही रास्ते पर नहीं आता, उसका साथ नहीं दिया जा सकता। हम हिंदुस्तानी हैं और हिंदुस्तानी ही रहेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अखिलेश यादव को आंखें चेक कराने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए विधायक ने कहा कि चश्मा कमजोर नजर वाला लगाता है। उप मुख्यमंत्री को दूसरों की आंखों की चिंता छोड़कर अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, बेड और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर ध्यान देना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User