देव दीपावली पर गंगा में बनेगा अस्थायी पुलिस स्टेशन:25 IPS और 50 PPS अधिकारी होंगे तैनात, कमिश्नर बोले-3 बार होगा लेजर शो

Nov 22, 2026 - 18:44
0
देव दीपावली पर गंगा में बनेगा अस्थायी पुलिस स्टेशन:25 IPS और 50 PPS अधिकारी होंगे तैनात, कमिश्नर बोले-3 बार होगा लेजर शो
देव दीपावली पर काशी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार गंगा के घाटों से लेकर जलमार्ग तक सुरक्षा का विशेष इंतजाम किया जा रहा है। गंगा में अस्थायी पुलिस स्टेशन बनाया जाएगा, जहां रेस्क्यू बोट और बचाव के जरूरी उपकरण उपलब्ध रहेंगे। रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ गोदौलिया से बोट के जरिए निरीक्षण शुरू किया। टीम चेतसिंह घाट होते हुए नमोघाट पहुंची। इस दौरान गंगा के वाटर रूट, प्रमुख घाटों, नौका संचालन वाले क्षेत्रों और उन स्थानों का जायजा लिया गया, जहां सबसे अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। अधिकारियों ने जल और थल दोनों मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। गंगा में बनेगा अस्थायी पुलिस स्टेशन देव दीपावली पर गंगा में बड़ी संख्या में नावों के संचालन को देखते हुए नदी के जलक्षेत्र में अस्थायी पुलिस स्टेशन स्थापित किया जाएगा। यहां रेस्क्यू बोट और बचाव उपकरण तैनात रहेंगे। नावों की टक्कर होने, किसी श्रद्धालु के नदी में गिरने या अन्य दुर्घटना की स्थिति में पुलिस और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंच सकेगी। इसके अलावा गंगा में वाटर बैरिकेडिंग कर नावों के आने-जाने के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए जा रहे हैं। नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक रहेगी। यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट का इस्तेमाल अनिवार्य कराया जाएगा। 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती सुरक्षा व्यवस्था के लिए 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों और 3000 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। घाटों और संवेदनशील स्थानों को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मोटरबोट से गंगा में लगातार पेट्रोलिंग होगी। रामनगर की ओर के घाटों पर भी भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी घाटों और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नजर रखी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की विशेष टीमें अलर्ट रहेंगी। अग्निशमन और चिकित्सा सेवाओं के साथ समन्वय बनाकर जरूरी संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। शहर में लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार वाहनों के रूट बदले जाएंगे। आयोजन के दौरान मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शहर में आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों और मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। दालमंडी की ओर विकसित हो रहे नए मार्ग पर भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। 11 लाख दीपों से जगमगाएंगे घाट, पुलिसकर्मियों को मिलेगी ट्रेनिंग देव दीपावली पर गंगा के घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ लेजर शो, गंगा आरती, आतिशबाजी, ड्रोन शो और गंगा महोत्सव समेत कई कार्यक्रम होंगे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है। इस बार पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ड्यूटी में तैनात जवानों को सॉफ्ट स्किल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि काशी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक उनका अतिथि है। उनसे सम्मानपूर्वक 'सर' और 'मैडम' कहकर बात करें और उनकी समस्याओं का विनम्रता से समाधान करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User