झांसी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने MP में गांजा पकड़ा:1.30 करोड़ का गांजा मैहर जा रहा था, तस्कर यूपी का रहने वाला
झांसी की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मध्य प्रदेश में घेराबंदी करके गांजा की बड़ी खेप पकड़ी है। यह गांजा ट्रक में लोड करके तस्कर उड़ीसा से मैहर ले जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जबलपुर पुलिस के साथ घेराबंदी करते हुए ट्रक को पकड़ लिया। मौके से यूपी के तस्कर समेत उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। ट्रक से 871 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुए। गांजा की बाजार में कीमत एक करोड 30 लाख 66 हजार रुपए है। दोनों आरोपी पहले भी गांजा ला चुके हैं। प्रभात साहू ने लोड कराया था माल पुलिस ने यूपी के अलीगढ़ के इगलास थाना क्षेत्र के नागला निवासी धर्मवीर सिंह पुत्र मान सिंंह और पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर निवासी विक्रम करमाकर को गिरफ्तार किया है। अभी उड़ीसा का प्रभात साहू फरार है। पुलिस के अनुसार, प्रभात साहू ने आरोपी धर्मवीर को फोन कर उड़ीसा बुलाया और गांजा की डिलेवरी मध्य प्रदेश के मैहर पहुंचाने के लिए कहा। धर्मवीर अपने रिश्तेदार विक्रम के साथ उड़ीसा पहुंच गया। ट्रक में गांजा लोड करके दोनों मैहर के लिए निकल पड़े। झांसी यूनिट के पास पक्की सूचना थी आरोपी गांजा लेकर मैहर के लिए निकले तो मुखबिर ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के झांसी यूनिट प्रभारी चंदन पांडेय को सूचना दी। प्रभारी अपनी टीम के साथ एक्टिव हो गए और तस्करों की घेराबंदी शुरू कर दी। शुक्रवार को तस्करों की लोकेशन मध्य प्रदेश के जबलपुर में मिली। इस पर टीम जबलपुर पहुंच गई। यहां गोसलपुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने तस्करों की घेराबंदी की। मोहतरा टोल प्लाजा के पास पुलिस टीम ने ट्रक को रोक लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। तब पीछा करके पुलिस ने धर्मवीर सिंह और विक्रम को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक के अंदर 29 बोरियों में 871 किलो 95 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। अब पुलिस प्रभात साहू की तलाश कर रही है। सभी के खिलाफ जबलपुर के गोसलपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करवाया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)