जिम के बाहर पथराव और फायरिंग के दो आरोपी गिरफ्तार:गोलियों से टूट गए थे अस्पताल के शीशे, तमंचा और कारतूस बरामद
एटा कोतवाली नगर क्षेत्र के निधौली रोड स्थित नैचुरल जिम के बाहर बीते दिनों हुए पथराव और फायरिंग के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने बुधवार सुबह करीब 6 बजे श्रृंगार नगर मोहल्ले से ओमपाल उर्फ ओपी (23) पुत्र मुकेश और आशीष उर्फ इंद्रजीत (25) पुत्र रामगोपाल (निवासी अंबारी) को दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। 5 नवंबर को हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग, सामने आया था घटना का वीडियो पूरा मामला बीते 5 नवंबर का है, जब आधा दर्जन युवकों ने निधौली रोड स्थित नैचुरल जिम के बाहर जमकर पथराव और फायरिंग की थी। इस पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें युवक बेखौफ होकर पथराव और गोलियां चलाते दिखाई दे रहे थे। फायरिंग के दौरान गोलियां जिम की ऊपरी मंजिल पर संचालित मेट्रो चाइल्ड अस्पताल के शीशों को तोड़ती हुई निकल गई थीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान मौके से पिस्टल का एक खोखा भी बरामद किया था। 6 नामजद समेत 8 लोगों पर दर्ज है मुकदमा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी इस मामले में जिम संचालक सुनील पुत्र यादराम सिंह (निवासी चोंचा बनगांव) की लिखित तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। नामजद आरोपियों में विश्वराज (निवासी महाराणा प्रताप नगर), आर्यन चौधरी (निवासी पीपल अड्डा), अनुज (निवासी श्यामनगर कॉलोनी), अर्पित (निवासी सुनहरी नगर) और राज साहू (निवासी पीपल अड्डा) शामिल हैं। एटा पुलिस ने बुधवार शाम 5:30 बजे आधिकारिक रूप से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पवार और दरोगा गगनदीप शामिल रहे। पुलिस अब बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)