जमीन पर कब्जे के विरोध में युवक पर हमला:जालौन में परिवार के लोगों पर गुम्मे चलाने का आरोप, एसपी से शिकायत
जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेड़ में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक ने अपने परिवार के कुछ लोगों पर प्लाट पर कब्जे की कोशिश और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि विरोध करने पर उस पर गुम्मों से हमला किया गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शनिवार को पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। ग्राम भेड़ निवासी मयंक पटेल पुत्र शिवनाथ सिंह के मुताबिक, उसने 6 अप्रैल 2026 को गांव के अवधेश सिंह निरंजन से उपनिबंधक कार्यालय में जमीन का बैनामा कराया था। गाटा संख्या 139 (क) की कुल 0.1940 हेक्टेयर जमीन में से 0.1640 हेक्टेयर कृषि भूमि उसके नाम दर्ज हुई थी। मयंक का आरोप है कि बैनामे के बाद से उसके कुछ परिवारजन जमीन पर कब्जे का दबाव बना रहे हैं। वे फोन पर आधा प्लाट देने की मांग करते हैं और ऐसा न करने पर परेशान करने की धमकी देते हैं।
पीड़ित के अनुसार, 24 अक्टूबर को वह अपने बाबा कैलाश नारायण के साथ ट्रैक्टर से जमीन की बखराई करने गया था। तभी सफेद स्कॉर्पियो (यूपी 92 वी 3846) से रजनीकांत, शशिकांत, धीरेन्द्र, रविकांत, सुरेश, अशोक और महेश कुमार समेत अन्य लोग पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गुम्मों से हमला किया। मयंक ने बताया कि उसके बाबा और गांव के कल्लू जाटव ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाया। उसने 29 अक्टूबर को कोंच कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने आरोपियों के पुराने आपराधिक मामलों का हवाला देते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच और केस दर्ज करने की मांग की है। उसने अपनी जमीन और जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)