कैंसर मरीजों को बायोप्सी-ऑपरेशन से मिलेगी राहत:सुई से ही होगी जीन की जांच, डिप्टी सीएम ने रिसर्च पर दिया जोर

Nov 20, 2026 - 23:28
0
कैंसर मरीजों को बायोप्सी-ऑपरेशन से मिलेगी राहत:सुई से ही होगी जीन की जांच, डिप्टी सीएम ने रिसर्च पर दिया जोर
कैंसर मरीजों को अब बार-बार बायोप्सी कराने और इलाज के लिए लंबी प्रक्रिया से राहत मिल सकती है। सुई से लिए गए नमूने से ही कैंसर की कोशिकाओं के साथ जीन में होने वाले बदलावों का भी पता लगाया जा सकेगा। इससे डॉक्टर तय कर सकेंगे कि मरीज को ऑपरेशन, कीमोथेरेपी या टारगेटेड थेरेपी में से किसकी जरूरत है। इस तकनीक से कुछ मरीजों को बेवजह ऑपरेशन और कीमोथेरेपी से भी बचाया जा सकेगा। यह जानकारी पीजीआई के डॉ. राम नवल ने शुक्रवार को साइटोकॉन-2026 में दी। उन्होंने बताया कि पहले साइटोपैथोलॉजी में नमूने की कोशिकाओं की बनावट देखकर बीमारी की पहचान की जाती थी। अब उसी नमूने से मॉलीक्यूलर जांच भी संभव है। थायरॉयड के संदिग्ध ट्यूमर में इससे पता लगाया जा सकता है कि मरीज को ऑपरेशन की जरूरत है या निगरानी से काम चल सकता है। वहीं, स्तन कैंसर में यह तय करने में मदद मिलती है कि कीमोथेरेपी जरूरी है या हार्मोन थेरेपी से इलाज संभव है। लोहिया संस्थान के पैथोलॉजी विभाग के डॉ. सुमित नारायण ने बताया कि फेफड़े के कैंसर में जीन की जांच से इलाज की दिशा तय होती है। जीन में बदलाव के आधार पर मरीज को टारगेटेड थेरेपी या इम्यूनोथेरेपी दी जा सकती है। साइटोलॉजी के नमूने से जांच होने पर दोबारा बायोप्सी की जरूरत भी कम हो सकती है। सर्वाइकल कैंसर में एचपीवी और ओवरी के ट्यूमर में मॉलीक्यूलर मार्कर बीमारी की पहचान में मददगार हैं। SGPGI के डॉ.मनोज जैन ने कहा कि जांच की सटीकता के लिए नमूने की गुणवत्ता बेहद जरूरी है। नमूना सही तरीके से लेना और सुरक्षित रखना जरूरी है। मॉर्फोलॉजी और मॉलीक्यूलर जांच की रिपोर्ट को एक साथ देखने से इलाज का बेहतर फैसला लिया जा सकता है। इससे बीमारी के हिसाब से इलाज देने और मरीजों को अनावश्यक प्रक्रियाओं से बचाने में मदद मिलेगी। कैंसर पर रिसर्च और नई तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाएं डॉक्टर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पीजीआई को कैंसर के इलाज और रिसर्च का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास होने चाहिए। डॉक्टर पूरी मेहनत और लगन से मरीजों की सेवा करें। इलाज में नई तकनीक और जांच का इस्तेमाल बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं से डॉक्टरों को नई तकनीक और जांच के तरीकों की जानकारी मिलती है। अलग-अलग संस्थानों के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करते हैं, जिससे इलाज की गुणवत्ता बेहतर होती है। कार्यक्रम में विदेश से भी कई डॉक्टर शामिल हुए। चिकित्सा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों का आदान-प्रदान जरूरी है। इससे प्रदेश में इलाज की सुविधाएं बेहतर होंगी। उन्होंने विदेशी डॉक्टरों से बनारस और अयोध्या जैसे शहरों का भ्रमण कर प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को जानने की अपील भी की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User