अलीगढ़ में राशन के चावल की कालाबाजारी का नेटवर्क बेनकाब:गभाना की राइस मिल से खैर रोड के गोदाम तक फैला नेटवर्क; सरकारी चावल पकड़ा, FIR
गरीबों के हिस्से का सरकारी राशन बाजार में खपाने का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। राशन कार्डधारकों से सस्ते दामों पर चावल खरीदने के लिए फेरी वालों और छोटे कारोबारियों की मदद ली जाती थी। फिर अलग-अलग चैनलों के जरिए चावल इकट्ठा कर गोदाम और राइस मिल तक पहुंचाया जाता था। यहां से इसे एनसीआर में सप्लाई कर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क में हर व्यक्ति की अलग-अलग जिम्मेदारी होने की बात विभागीय जांच में सामने आई है। गभाना में अनंत राइस मिल चलाने वाले रजत चौहान और खैर रोड पर गोदाम संचालित करने वाले भोला ठाकुर समेत चार लोगों के खिलाफ देहली गेट थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। गोदाम भोला ठाकुर की संपत्ति में है और उसके संचालन एवं निगरानी की जिम्मेदारी भी उसी की बताई गई है। रजत के खिलाफ वर्ष 2023 में भी इसी तरह के मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। मंडलायुक्त से शिकायत, गोदाम पर छापा गंगा धर्मकांटा के बराबर खैर रोड स्थित गोदाम में चावल की कालाबाजारी की शिकायत 12 नवंबर को गगन पुत्र नेम सिंह ने मंडलायुक्त से की थी। इसके बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी वेद प्रकाश, पूर्ति निरीक्षक अजय कुमार और पूर्ति लिपिक विपुल प्रताप सिंह व विनोद कुमार शर्मा की टीम ने 13 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे छापा मारा। मौके पर रजत चौहान मौजूद मिला। गोदाम में बड़ी संख्या में चावल के कट्टे अव्यवस्थित हालत में रखे थे। प्लास्टिक के कट्टों के मुंह बंधे थे, लेकिन सिलाई नहीं की गई थी। उन पर किसी फर्म का नाम, मार्का या मूल्य नहीं था। कई कट्टों पर आटा, मैदा और सूजी लिखा हुआ था। 250 कट्टे बताए, सत्यापन में 314 मिले मौके पर रजत चौहान ने टीम को गोदाम में 250 कट्टे और उनमें 19 टन चावल होने की जानकारी दी। शुरुआती कार्रवाई के दौरान चावल उसकी सुपुर्दगी में दे दिया गया। 17 नवंबर को टीम ने दोबारा गोदाम पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया। उस समय रजत का मुनीम उदित कुमार निवासी हयातपुर मौजूद था। सत्यापन में 314 कट्टे मिले, जिनका कुल वजन 18.54 टन निकला। यानी बताए गए कट्टों की संख्या और वास्तविक सत्यापन में अंतर मिला। विभाग ने गंगा धर्मकांटा की तौल पर्ची को भी जांच में शामिल किया। सरकारी राशन का फोर्टीफाइड चावल निकला चावल की जांच के लिए विपणन निरीक्षक शशांक गुप्ता को बुलाया गया। उन्होंने कट्टों में भरे चावल का परीक्षण किया तो वह सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत वितरित होने वाले फोर्टीफाइड राइस के अनुरूप मिला। इसके बाद टीम ने चावल कब्जे में लेकर लोधा के उचित दर विक्रेता विद्याराम शर्मा की सुपुर्दगी में दे दिया। उन्हें चावल सुरक्षित रखने और खुर्द-बुर्द नहीं करने के निर्देश दिए गए। भोला के गोदाम में भंडारण, रजत की राइस मिल से जुड़ा नेटवर्क जांच में खैर रोड स्थित गोदाम की भूमिका भी महत्वपूर्ण मिली है। यह गोदाम भोला ठाकुर की की निगरानी में चलना बताया गया है। दूसरी तरफ गभाना क्षेत्र में रजत चौहान की अनंत राइस मिल है। विभागीय जांच में दोनों के साथ गगन और शरफराज की भी चावल के कारोबार में संलिप्तता सामने आई है। जांच के अनुसार, नेटवर्क में किसी की भूमिका राशन कार्डधारकों से चावल जुटाने, किसी की उसे गोदाम तक पहुंचाने और किसी की भंडारण व आगे बिक्री की व्यवस्था करने में थी। छोटे कारोबारियों और फेरी वालों के माध्यम से चावल खरीदकर अलग-अलग स्तर पर इकट्ठा किया जाता था। इसके बाद राइस मिल और अन्य माध्यमों से एनसीआर में सप्लाई कर बिक्री की जाती थी। खरीद-बिक्री के बीच दो से तीन स्तर के चैनल बनाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। न खाद्य लाइसेंस, न कट्टों पर जरूरी जानकारी पूर्ति विभाग ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन से भी रिपोर्ट मांगी थी। 18 नवंबर को मिली आख्या में स्पष्ट किया गया कि खाद्य कारोबार के लिए लाइसेंस या पंजीकरण अनिवार्य है। प्रत्येक कारोबारी स्थल का अलग लाइसेंस होना चाहिए। खाद्य पदार्थों के पैकेट पर नाम, निर्माता का पता, खाद्य लाइसेंस नंबर और फोर्टिफिकेशन से संबंधित लोगो अंकित होना जरूरी है। गोदाम में मिले कट्टों पर ये जानकारियां नहीं थीं। विभाग ने इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियमों का उल्लंघन माना। बिल और लाइसेंस के जरिए वैध कारोबार दिखाने की कोशिश का आरोप जांच में रजत चौहान बरामद चावल का प्रमाणित स्रोत नहीं बता सका। विभाग के मुताबिक, यदि चावल किसी दूसरी फर्म से खरीदा गया होता तो कट्टों पर फर्म का मार्का, वस्तु का नाम, श्रेणी और मूल्य अंकित होना चाहिए था। ऐसा कोई विवरण नहीं मिला। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की 2 अगस्त 2018 की अधिसूचना में फोर्टिफाइड चावल की पैकेजिंग और लेबलिंग के प्रावधान हैं। जांच रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दूसरी फर्मों के लाइसेंस और बिलों का समायोजन कर राशन कार्डधारकों से खरीदे गए चावल को वैध व्यापार दिखाने की कोशिश की गई। एक-दूसरे पर आरोप, पहले भी दर्ज हो चुके हैं मुकदमे रजत चौहान ने अपने बयान में आरोप लगाया था कि भोला, गगन आदि ने उसके खिलाफ चौथ मांगने के लिए शिकायत की थी। विभागीय जांच में सामने आया कि इन लोगों के बीच चावल के कारोबार को लेकर पहले से विवाद और मुकदमेबाजी भी रही है। विभाग के अनुसार, इन लोगों के खिलाफ पूर्व में भी इसी तरह के कारोबार को लेकर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। रजत चौहान के खिलाफ वर्ष 2023 में भी इसी तरह के मामले में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। डीएम की अनुमति के बाद दर्ज हुई एफआईआर रजत चौहान ने 19 नवंबर को जिलाधिकारी के सामने अपना पक्ष रखते हुए कुछ दस्तावेज भी प्रस्तुत किए थे। विभाग ने उनका परीक्षण किया। इसके बाद जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक कृष्णवीर सिंह ने जिलाधिकारी की अनुमति लेकर देहली गेट थाने में तहरीर दी। शुक्रवार देर शाम एफआईआर दर्ज की गई। इसमें रजत चौहान निवासी ग्राम पोथी गभाना, भोला ठाकुर उर्फ श्याम बहादुर निवासी वीरपुरा कोल, शरफराज निवासी सराय मियां और गगन निवासी जलालपुर को नामजद किया गया है। एक अन्य व्यक्ति का भी उल्लेख है। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रकरण एक नजर में
- एफआईआर नंबर 0363/2026, थाना देहली गेट।
- 314 कट्टों में 18.54 टन चावल बरामद।
- चावल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के फोर्टीफाइड राइस के अनुरूप मिला।
- खैर रोड स्थित गोदाम भोला ठाकुर की संपत्ति में।
- गभाना में रजत चौहान की अनंत राइस मिल।
- चार नामजद आरोपी और एक अन्य अज्ञात का उल्लेख।
- आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 में कार्रवाई।
- डीएम की अनुमति के बाद 20 नवंबर की देर शाम एफआईआर।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)