संतकबीरनगर में खड़े ट्रक से टकराकर 3 युवकों की मौत:सड़क पर बिखरे मांस के लोथड़े, बारात से लौट रहे थे घर
संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र में तेलियागंज रामजानकी मार्ग पर खड़े ट्रक से टकराकर तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा 21 नवंबर 2026 की रात हुआ। तीनों बारात से घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान पारा हरगोविंद गांव के वैभव पुत्र दधूबल, श्यामू पुत्र शिवधारी और अमित सिंह पुत्र राम सहारे के रूप में हुई है। यह गांव धनघटा थाना क्षेत्र में आता है। रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रक नंबर BR 44 F4751 सड़क पर खड़ा था। उसमें पार्किंग लाइट और रिफ्लेक्टर नहीं थे। ट्रक ओवरलोड था और उसके पीछे नंबर प्लेट भी नहीं थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक पार्किंग स्थल पर खड़ा होता और उसकी पार्किंग लाइट जली होती, तो हादसा टल सकता था। उन्होंने मानक पूरे नहीं करने वाले वाहनों को सड़क पर चलने से रोकने की मांग की। धनघटा थाने के इंस्पेक्टर राजेश कुमार दुबे ने बताया कि मृतकों के परिवार की ओर से शिकायत मिली है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गांव में तीन युवकों की मौत की खबर से शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)