कांग्रेस ने मतदाता सूची में गड़बड़ी पर उठाए सवाल:अनंत दहिया ने बागपत में कहा- वोट चोरी लोकतंत्र पर हमला, जांच की मांग की
बागपत। वोट चोरी लोकतंत्र पर हमला है और मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की प्रतिबद्धता है। यह बात कांग्रेस के एआईसीसी ऑब्जर्वर अनंत दहिया ने बागपत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, एसआईआर प्रक्रिया और चुनाव आयोग की जवाबदेही पर सवाल उठाए। अनंत दहिया ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र, चुनावी पारदर्शिता और नागरिकों के संवैधानिक मताधिकार से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र, महादेवपुरा, आलंद और हरियाणा सहित विभिन्न स्थानों पर मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए हैं। इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची से नाम हटाने, दोहरे पंजीकरण और संदिग्ध प्रविष्टियों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बरती जाए। राजनीतिक दलों को सत्यापन योग्य डिजिटल आंकड़े उपलब्ध कराए जाएं और प्रभावित मतदाताओं को नाम में सुधार तथा अपील का अवसर दिया जाए। दहिया ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय करने, एसआईआर प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने और कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करने तथा लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का जनअभियान है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष लव कश्यप, शहर अध्यक्ष रामहरि पंवार, प्रदेश महासचिव नवाब अहमद हमीद, ब्लॉक अध्यक्ष संदीप शर्मा, समरपाल, सुशील कश्यप, अशोक कश्यप, जयकुमार कश्यप, ब्रिमपाल कश्यप सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)