कांग्रेस ने मतदाता सूची में गड़बड़ी पर उठाई मांग:संभल एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

Sep 28, 2026 - 13:50
0
कांग्रेस ने मतदाता सूची में गड़बड़ी पर उठाई मांग:संभल एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
संभल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और नामों में बदलाव को लेकर विरोध मार्च निकाला, वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए। सोमवार की दोपहर 12:30 एसडीएम संभल विकास चंद्र को राष्ट्रपति के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र की नींव जनता के मताधिकार पर टिकी है और निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही होना आवश्यक है। संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के चंदौसी रोड स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय से जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुरादाबाद रोड स्थित नई तहसील तक पैदल मार्च निकाला गया। ज्ञापन में आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों से मतदाता सूची में नाम काटे जाने और नए नाम जोड़े जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनके अनुसार इससे गरीब, मजदूर, अल्पसंख्यक और वंचित वर्ग के मतदाताओं में चिंता और आशंका का माहौल है। कांग्रेस ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में मतदाता सूची में किए गए सभी बदलावों की विस्तृत जांच कराई जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से खिलवाड़ न हो सके। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की भी मांग रखी, ताकि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। साथ ही यह भी मांग की गई कि देश के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जाए और कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने की अपील की। ज्ञापन में आरिफ़ खाँ, मुशीर खाँ तरीन, राशिद सैफी, सलमान तुर्की, सलीम सैफी डीके बाल्मीकि, डीके जाटव, संजीव साहू, इरफान अली, अकील अहमद, दाऊद पाशा, हाजी मरगूब, अकबर अली, संजय सक्सेना, पीआर सिंह, कोशतुब रस्तौगी, बाबू, कलीम आदि लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User