सीएम के दौरे पर सहारनपुर में भारी वाहनों की नो–एंट्री:छह बाईपास से डायवर्जन लागू, 30 नवंबर रात 8 बजे से एक दिसंबर रात 8 बजे तक जिलेभर में नहीं चलेंगे डंपर और ट्रक
सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य मंत्रियों के एक दिसंबर को प्रस्तावित सहारनपुर दौरे को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। वीवीआईपी भ्रमण और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही छह प्रमुख बाईपास पर डायवर्जन लागू किया गया है। इसके अलावा जिलेभर में खनन सामग्री का परिवहन करने वाले डंपर, ट्रक और अन्य वाहनों के संचालन पर 24 घंटे की रोक रहेगी। शहर में यातायात डायवर्जन एक दिसंबर को सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा, जबकि खनन वाहनों पर प्रतिबंध 30 नवंबर की रात आठ बजे से एक दिसंबर की रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। पुलिस प्रशासन के अनुसार, एक दिसंबर को निर्धारित समय के दौरान शहर क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सरसावा बाईपास, कुम्हारहेड़ बाईपास, चुनहेटी बाईपास, लाखनौर बाईपास, कोलकी बाईपास और हरोड़ा कट बाईपास से भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करना होगा। कार्यक्रम में शामिल होने आने वाले वाहनों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रवेश दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रुड़की, देहरादून और गागलहेड़ी की ओर से शहर में आने वाले वाहनों को कोलकी कट बाईपास से लाखनौर, टपरी होते हुए पेपर मिल रोड अथवा चुनहेटी-दिल्ली रोड से शहर में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं, शहर से गागलहेड़ी, देहरादून और रुड़की की ओर जाने वाले वाहनों को घंटाघर चौक से कोर्ट रोड, दिल्ली रोड और पेपर मिल रोड होते हुए बाईपास की ओर भेजा जाएगा। बरोली की ओर से शहर में आने वाले वाहनों को छुटमलपुर, गागलहेड़ी बाईपास, लाखनौर कट बाईपास और टपरी होते हुए पेपर मिल रोड अथवा चुनहेटी-दिल्ली रोड से शहर में प्रवेश करना होगा। बेहट की ओर से आने वाले वाहनों को पुरानी चुंगी, नवाबगंज चौक, घंटाघर चौक अथवा लिंक रोड से अंबेडकर चौक की ओर संचालित किया जाएगा। इसी तरह देवबंद और मुजफ्फरनगर की ओर से सहारनपुर आने वाले वाहनों को नागल ब्लॉक तिराहे से टपरी रोड होते हुए शहर में प्रवेश कराया जाएगा। खनन वाहनों पर जिलेभर में 24 घंटे की रोक मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने केवल शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में खनन वाहनों के संचालन पर भी प्रतिबंध लगाया है। जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर आदेश जारी किए हैं। इसके तहत 30 नवंबर की रात आठ बजे से एक दिसंबर की रात आठ बजे तक जिले के सभी मार्गों पर उपखनिज का परिवहन करने वाले डंपर, ट्रक समेत अन्य वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन के अनुसार, 30 नवंबर और एक दिसंबर को जिले में वीवीआईपी भ्रमण प्रस्तावित है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और वीवीआईपी काफिले के आवागमन को सुगम बनाने के लिए खनन वाहनों पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। प्रतिबंध की अवधि में खनन सामग्री का परिवहन करने वाले वाहन जिले के किसी भी मार्ग पर नहीं चल सकेंगे। अधिकारियों के साथ ट्रांसपोर्ट और क्रेशर संचालकों को भी निर्देश जिला मजिस्ट्रेट ने प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने के लिए एसएसपी, एडीएम, सभी एसडीएम, तहसीलदार, सीओ, एआरटीओ प्रवर्तन और जिला खनन अधिकारी को निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्टोन क्रेशर एसोसिएशन और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्षों को भी अपने स्तर से क्रेशर संचालकों और वाहन मालिकों को आदेश की जानकारी देने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाए। यातायात पुलिस की वाहन चालकों से अपील यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक दिसंबर को शहर की ओर निकलने से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी जरूर कर लें। निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और रास्ते में तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आम लोगों को जाम की समस्या से बचाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)