17650 करोड़ रुपये के निवेश से आएगी रोजगार की बहार:CM के सामने MOU हुआ; 50 हजार युवाओं को मिलेगा काम
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में भारी भरकम निवेश के प्रस्ताव आए। 17 हजार 650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने MOU हुआ। यह निवेश गोरखपुर में रोजगार के नए अवसर लेकर आएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इससे लगभग 50 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से काम मिल सकेगा।
रविवार को हुए MOU के जरिये 17650 करोड़ रुपये का विशाल पूंजी निवेश मुख्य रूप से हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया), दवा निर्माण (फार्मास्युटिकल्स), धातु प्रसंस्करण, आसवनी (डिस्टिलरी) और मत्स्य आहार (फिश फीड) उत्पादन जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में किया जाएगा। इस पहल से न केवल पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। रविवार को जो MOU हुए, उनमें एक्मे (ACME) कंपनी की ओर से संजय धवन ने, हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया) परियोजना के लिए सर्वाधिक, 16000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू किया। इसके अतिरिक्त सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स प्रा. लिमिटेड की ओर से परमानंद चंद ने, दवा निर्माण की परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये, आर्बिट ग्रुप की ओर से अभिषेक अग्रवाल ने, आयरन/स्टील/एल्युमीनियम व्हील रोलिंग की परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरीज की ओर से अभिनंदन जैन ने, आसवनी (डिस्टिलरी) परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपये और दीपक नेक्सजेन फीड्स प्रा. लिमिटेड की ओर से एवी सुब्रमण्यम व श्रीनिवास तैंताली ने, मत्स्य आहार (फिश फीड्स) परियोजना के लिए 150 करोड़ रुपये निवेश का MOU किया। MPIT संग एआई को लेकर हुआ MOU
समारोह के मंच पर मुख्यमंत्री के समक्ष गीडा में एआई नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एमपीआईटी (महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ भी एमओयू हुआ। सेंटर के सीईओ आयुष चौरसिया तथा गैलेंट इस्पात के सीपी अग्रवाल, केयान डिस्टिलरीज के विनय सिंह, टेक्नोप्लास्ट के वेद प्रकाश ने एमओयू का आदान प्रदान किया। 5 नए निवेशकों को सीएम के हाथों मिला भूमि आवंटन पत्र
गीडा के स्थापना दिवस समारोह में पांच नए निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र प्राप्त हुए। अलीनप्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अभिनव कुमार सिंह ने स्टीच्ड एंड फैब्रिक बेस्ड यूटिलिटी प्रोडक्ट्स की यूनिट लगाने के लिए, गिरवाना फूड्स एंड एग्रोइंडस्ट्रीज के अतुल सिंह ने आल टाइप ऑफ घी की यूनिट लगाने के लिए, शशिब्लेस इंटरप्राइजेज की श्वेता मिश्रा ने प्लास्टिक मोल्डेड फर्नीचर एंड हाउसहोल्ड गुड्स की यूनिट के लिए, आइके फूड्स एंड बेवरेजेज के लिए सजिब खान ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर विथ मैन्युफैक्चरिंग ऑफ प्लास्टिक पेट बॉटल्स की यूनिट के लिए और रमाकांत यादव ने ऑटोमेटेड फ्लोर मिल लगाने के लिए भूमि आवंटन पत्र प्राप्त किया। ट्रेड शो में दिखी औद्योगिक विकास की ताकत, ओडीओसी फेस्ट में पसरा व्यंजन संस्कृति का संसार
गीडा की तरफ से 37वें स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय ट्रेड शो एवं ओडीओसी फेस्ट का भी आयोजन किया गया। पहले दिन इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेड शो और ओडीओसी फेस्ट में लगाए गए गीडा के उत्पादों, ओडीओपी उत्पादों और विभिन्न व्यंजनों के स्टालों का अवलोकन कर उद्यमियों का उत्साह बढ़ाया। ट्रेड शो के स्टालों पर गीडा और प्रदेश की औद्योगिक प्रगति दिख रही थी। जबकि ओडीओसी फेस्ट में प्रदेश की व्यंजन संस्कृति का समृद्ध संसार पसरा हुआ था। सीएम ने बायर-सेलर मीट का भी शुभारंभ किया और इसमें आए देश-विदेश के प्रतिभागियों का अभिवादन कर उनके साथ फोटो खिंचवाई। ट्रेड शो और ओडीओसी फेस्ट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से कहा कि यहां प्रदर्शित उत्पाद उत्तर प्रदेश की नई मजबूती की पहचान हैं। उन्होंने आमजन के साथ ही स्कूली बच्चों को ट्रेड शो, ओडीओसी फेस्ट में लाकर यहां प्रदर्शित उत्पादों का अवलोकन कराने का आह्वान गीडा और जिला प्रशासन से किया। चकभोप आवासीय योजना से पूरे होंगे घर के सपने
स्थापना दिवस समारोह में गीडा के सेक्टर-25 में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के निकट 463 करोड़ रुपये की लागत से 113.54 एकड़ में विस्तृत चकभोप आवासीय योजना का शुभारंभ भी सीएम योगी के हाथों किया गया। इस योजना के तहत 90 से 300 वर्गमीटर तक के 855 भूखंडों का आवंटन किया जाएगा, साथ ही 86 ईडब्ल्यूएस और 86 एलआईजी भवनों का निर्माण भी प्रस्तावित है। 40 परियोजनाओं का लोकार्पण, 64 का शिलान्यास
सीएम योगी 126.23 करोड़ रुपये के 19 सिविल कार्यों और 62.61 करोड़ रुपये के 21 विद्युत व अन्य कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 272.30 करोड़ रुपये के 44 विकास कार्यों तथा 41.18 करोड़ रुपये के 20 विद्युत व अन्य कार्यों का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री के हाथों कुल मिलाकर, 188.84 करोड़ की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस तरह सीएम ने 502 करोड़ रुपये की 104 परियोजनाओं की सौगात दी। औद्योगिक क्षेत्र में सड़क नेटवर्क का विस्तार
लोकार्पण के कार्यों में सड़क नेटवर्क के विस्तार प्रमुखता से शामिल हैं। गीडा परिक्षेत्र के सेक्टर-25 में 9 मीटर, 12 मीटर और 18 मीटर चौड़ी सड़कों, नालियों और पुलियों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण हुआ। इसके अतिरिक्त सेक्टर-27 और 28 में 60 मीटर चौड़ी सड़क पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट का कार्य भी जनता और उद्यमियों को समर्पित किया गया। साथ ही सेक्टर-26 में 4.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कूड़ा संग्रह केंद्र तथा सेक्टर-7 में 4.96 करोड़ रुपये लाख की लागत से बने मुख्य कार्यपालक अधिकारी आवास एवं चारदीवारी का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण के अलावा शिलान्यास की परियोजनाओं में भी रोड कनेक्टिविटी को प्रमुखता से शामिल किया गया। इसके अंतर्गत धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-5, 6ए, 7 और 8 में 30 मीटर, 45 मीटर और 60 मीटर चौड़ी सड़कों, नालियों और पुलियों के निर्माण का शिलान्यास हुआ। इसके साथ ही सकरदेईया और हरपुर गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों और धुरियापार में गीडा के साइट ऑफिस का भी शिलान्यास संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त गीडा सेक्टर-22 (फेज-1 एवं 2) के ट्रांसपोर्ट नगर में आरसीसी नाली व पुलिया निर्माण, सेक्टर-27 व 28 (प्लास्टिक पार्क) में ड्रेन स्लैब और सुरक्षा हेतु डब्ल्यू मेटल बीम लगाने के कार्य का शिलान्यास किया गया। विद्युत सुदृढ़ीकरण पर भी खास जोर
धुरियापार के औद्योगिक सेक्टर-4 में 8.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा सेक्टर-27 से सेक्टर-9 (संस्थागत) तक 8.47 करोड़ की 33 केवी विद्युत लाइन का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों हुआ। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर (सेक्टर-22), सेक्टर-13 और सेक्टर-15 में विद्युत लाइनों के उच्चीकरण व भूमिगत वाटर सप्लाई पाइपलाइन के कार्यों का भी लोकार्पण हुआ। विद्युत अवसंरचना को विस्तार देने के कार्य शिलान्यास की परियोजनाओं में भी शामिल रहे। धुरियापार के औद्योगिक सेक्टर-5 में 9.20 करोड़ रुपये की लागत से नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण और 33 केवी फीडर लाइनों की शिफ्टिंग का शिलान्यास कराया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)