कांग्रेसियों ने CEC का मुखौटा पहन हथकड़ी लगाकर किया मार्च:कलेक्ट्रेट का घेरावकर इस्तीफे की मांग, मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी लगाए आरोप
आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने सुभाष पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। इस दौरान एक व्यक्ति को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहना और प्रतिकात्मक हथकड़ी लगाकर कलेक्ट्रेट में प्रशासन को सौंपा। जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर वोट चोरी का आरोप लगाया। शहर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुभाष पार्क पर एकत्र हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।कांग्रेस नेताओं का कहना था कि देश में चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही है। मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है। इसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त जिम्मेदार हैं। उन्होंने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। हंगामे के बीच कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस ने कांग्रेसियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने की मांग की गई। शहर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी। अगर मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)