आखिर पवन सिंह ने परिवार से क्यों तोड़ा नाता:फॉर्म हाउस, कोर्ट केस, रिश्ता टूटने की 4 बड़ी वजहें; क्या अब कभी एक नहीं होगी फैमिली

Nov 30, 2026 - 05:16
0
आखिर पवन सिंह ने परिवार से क्यों तोड़ा नाता:फॉर्म हाउस, कोर्ट केस, रिश्ता टूटने की 4 बड़ी वजहें; क्या अब कभी एक नहीं होगी फैमिली
भोजपुरी सुपर स्टार और भाजपा MLC पवन सिंह ने 29 नवंबर 2026 को अपने परिवार से रिश्ता खत्म कर लिया है। हालांकि, उन्होंने अपनी मां और सगे बड़े भाई रानू सिंह के बारे में लिखा कि जब तक जिंदा हूं, उनके लिए जान हाजिर है। पवन सिंह ने परिवार से नाता क्यों तोड़ा, क्या अब एक नहीं होंगे, जानेंगे; आज के एक्सप्लेनर बूझे की नाही में...। सबसे पहले जानिए, पवन सिंह ने क्या लिखा पवन सिंह ने फेसबुक पर मां और भाई की तस्वीर लगाकर लिखा... 'जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी सब वेद शास्त्र भुला जालें आदमी… बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होकर पोस्ट कर रहा हूं। आप सभी भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़ के क्षमा चाहता हूं और बता रहा हूं कि मेरा मेरे पूरे परिवार से और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है। हां, जिसने मुझे पैदा किया है। मेरी मां और मेरा सबसे बड़ा भाई रानू सिंह उसके लिए जब तक जिंदा हूं जान हाजिर है। आप सभी के परिवार का एक छोटा सा सदस्य। पवन सिंह।’ क्या पवन सिंह ने अचानक रिश्ता खत्म करने फैसला लिया बिल्कुल नहीं। सूत्रों के मुताबिक, बीते दो से तीन महीने से भोजपुरी स्टार पवन सिंह के परिवार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा था। अंदरखाने काफी गहमागहमी थी। सबके बीच अविश्वास की खाई चौड़ी हो रही थी। सूत्रों के मुताबिक, 20-25 दिन पहले पवन सिंह ने अपने लखनऊ वाले फ्लैट से चचेरे भाई रितिक सिंह को बाहर निकाल दिया था। इसके बाद से विवाद और बढ़ गया। पहले अंदरखाने सब ठीक करने की कोशिशें की जा रही थी, लेकिन बात नहीं बनी। और अंत में पवन सिंह ने ऐलान कर दिया। पवन सिंह के नाता-रिश्ता तोड़ने के 4 बड़े कारण 1. फॉर्म हाउस के नाम पर पैसा लिया, लेकिन काम अधूरा बताया जा रहा है कि पवन सिंह आरा में फॉर्म हाउस बनवा रहे हैं। दो साल से फॉर्म हाउस का काम चल रहा है, लेकिन अब तक निर्माण अधूरा है। सूत्रों के मुताबिक, फॉर्म हाउस पवन सिंह के चचेरे भाई रितिक सिंह और चाचा भरत सिंह की देखरेख में बन रहा है। काम पूरा कराने के लिए बीते 2 साल से पवन सिंह लगातार पैसा दे रहे हैं, लेकिन अब तक आधा काम भी नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, एक महीने पहले बिलौटी से लौटते वक्त पवन सिंह फॉर्म हाउस देखने गए थे। जब वह वहां गए तो निर्माण कार्य की स्थिति देखकर भड़क गए। उन्होंने कामकाज का हिसाब लिया तो कथित तौर पर पैसे के हेरफेर की जानकारी मिली। इसके बाद से रिश्ते खराब होते गए। 2. पवन सिंह के नाम पर पैसे की उगाही पवन सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं। उनकी लोकप्रियता की वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में लाइव शो, स्टेज प्रोग्राम और सांस्कृतिक आयोजनों की भारी मांग रहती है। आयोजक उनके नाम पर कार्यक्रम बुक करने के लिए अच्छी-खासी रकम खर्च करने को तैयार रहते हैं। यही लोकप्रियता उनके नाम को एक बड़े ब्रांड में बदल चुकी है। बताया जा रहा है कि इसी ब्रांड वैल्यू का फायदा उठाकर परिवार के लोग आयोजकों से पैसे लेते थे। सूत्रों के मुताबिक, कथित तौर पर रितिक पवन सिंह के नाम पर प्रोग्राम और इवेंट की बुकिंग के लिए आयोजकों से बातचीत करते थे। कई बार लोगों से पैसे भी ले लिए जाते थे, लेकिन इसकी पूरी जानकारी पवन सिंह को नहीं दी जाती थी। आरोप है कि कुछ आयोजकों को पवन सिंह के कार्यक्रम में शामिल होने का भरोसा दिया जाता था, लेकिन उन्हें इसकी वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं होती थी। बाद में जब कार्यक्रम को लेकर आयोजक पवन सिंह से संपर्क करते या उनके आने की तैयारी करते, तब स्थिति स्पष्ट होती थी। 3. समय पर नहीं देते थे सही सूचना, कोर्ट में भी बढ़ी मुश्किलें पवन सिंह की निजी जिंदगी से लेकर कारोबारी मामलों तक की कई अहम जिम्मेदारियां रितिक सिंह के पास थीं। बताया जाता है कि उनके लीगल मामलों, कार्यक्रमों और बिजनेस से जुड़ी सूचनाओं का तालमेल भी रितिक ही देखते थे। ऐसे में पवन सिंह काफी हद तक उन्हीं से मिलने वाली जानकारी पर निर्भर रहते थे। पवन सिंह का पत्नी ज्योति सिंह के साथ तलाक और भरण-पोषण (मेंटेनेंस) का मामला लंबे समय से अदालत में चल रहा है। इस मामले में सुनवाई की तारीखों पर उनकी गैरहाजिरी को लेकर कोर्ट की सख्ती और जुर्माने जैसी स्थितियां भी सामने आ चुकी हैं। 4. चाचा और चचेरे भाई तय करते थे पवन किससे और कब मिलेंगे बताया जा रहा है कि पवन सिंह कथित तौर पर अपने चाचा भरत सिंह और चचेरे भाई रितिक सिंह के ज्यादा करीब थे। कथित तौर पर ये दोनों ही तय करते थे कि पवन सिंह किससे मिलेंगे, कब मिलेंगे और क्या करेंगे। …तो क्या अब फिर एक नहीं होगा पवन सिंह का परिवार फिलहाल संभावना कम है, क्योंकि विवाद गहरा और सार्वजनिक हो चुका है। लेकिन भविष्य को पूरी तरह बंद मान लेना भी जल्दबाजी होगी। खासकर तब जब मां और बड़े भाई जैसे करीबी रिश्तों के प्रति लगाव अभी कायम है। इसके 2 कारण… पवन सिंह का यह कहना कि मां और बड़े भाई के लिए उनकी जान हाजिर है, यह दर्शाता है कि वे पूरी तरह भावनात्मक रूप से पत्थर नहीं हुए हैं। परिवार के भीतर कुछ ऐसे मजबूत स्तंभ (जैसे मां या बड़ा भाई) हैं, जो समय के साथ मध्यस्थता या संवाद का माध्यम बन सकते हैं। पारिवारिक विवादों में अक्सर गुस्सा और पीड़ा तात्कालिक फैसलों को जन्म देते हैं। समय बीतने, कानूनी प्रक्रियाओं के किसी मुकाम पर पहुंचने या किसी बड़े पारिवारिक/स्वास्थ्य/सामाजिक अवसर पर लोगों के दृष्टिकोण में बदलाव आ सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User