PET परीक्षा को लेकर रोडवेज-रेलवे अलर्ट:3 दिन में 1.40 लाख परीक्षार्थी गोरखपुर पहुचेंगे; 550 बसें, 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
गोरखपुर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को लेकर रोडवेज और रेलवे ने तैयारी पूरी कर ली है। 25 और 30 अक्टूबर के साथ 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने-जाने की संभावना है। इसे देखते हुए परिवहन निगम 550 अतिरिक्त बसें चलाएगा। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर से लखनऊ और आजमगढ़ समेत विभिन्न रूटों पर चार जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह के अनुसार, तीन दिनों में करीब 1.40 लाख परीक्षार्थियों के गोरखपुर पहुंचने का अनुमान है। इनमें बलिया, गाजीपुर, वाराणसी और जौनपुर समेत आसपास के जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इन जिलों के लिए 200 बसें चलाई जाएंगी। वहीं, गोरखपुर क्षेत्र से उन्नाव, कानपुर, हरदोई और इटावा समेत अन्य जिलों में करीब 90 हजार परीक्षार्थियों के जाने की संभावना है। इनके लिए 100 बसों की व्यवस्था की गई है। महराजगंज समेत स्थानीय रूटों पर 250 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। सभी बसों की तैयारी पूरी कर ली गई है। इनका संचालन 24 अक्टूबर से शुरू होगा। इसके लिए सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों, सुपरवाइजरों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए सुरक्षा बल की भी मांग की गई है। लखनऊ और आजमगढ़ के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेनें पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि पीईटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए चार जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन और आजमगढ़-गोरखपुर रूट की ट्रेनें शामिल हैं। गोरखपुर-लखनऊ स्पेशल: ट्रेन नंबर 05007 गोरखपुर से 24 और 31 अक्टूबर को रात 8:35 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 4:45 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05008 लखनऊ जंक्शन से 25 अक्टूबर और 1 नवंबर को रात 8:55 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। आजमगढ़-गोरखपुर स्पेशल: ट्रेन नंबर 05151 आजमगढ़ से 24, 29 और 31 अक्टूबर को शाम 7 बजे रवाना होकर रात 11:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05152 गोरखपुर से 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को शाम 6:30 बजे चलेगी। यह रात 11 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों का संचालन अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए किया जा रहा है। इससे परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों से आने-जाने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)