कानपुर में नगर आयुक्त का एक्शन:CM ग्रिड का काम अब 24 घंटे चलेगा,फूलबाग में ई-लाइब्रेरी बनाने वाली कंपनी पर गिरेगी गाज

Oct 21, 2026 - 20:20
0
कानपुर में नगर आयुक्त का एक्शन:CM ग्रिड का काम अब 24 घंटे चलेगा,फूलबाग में ई-लाइब्रेरी बनाने वाली कंपनी पर गिरेगी गाज
कानपुर में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्रीन पार्क चौराहे पर सीएम ग्रिड रोड का काम धीमा मिलने पर नगर आयुक्त ने लगातार 24 घंटे काम करने के निर्देश दिए। वहीं, फूलबाग की ई-लाइब्रेरी का काम तय समय पर पूरा नहीं होने पर संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी। नगर आयुक्त ने बेनाझाबर रोड, आर्य नगर, वीआईपी रोड, ग्रीन पार्क चौराहा, परमट, गोरा कब्रिस्तान, पुलिस लाइन, मेघदूत तिराहा, नानाराव पार्क और फूलबाग स्थित केईएम हॉल समेत कई जगहों का जायजा लिया। 24 घंटे चलेगा सीएम ग्रिड का काम जोन-1 में परमट चौराहे से परेड होते हुए घंटाघर तक सीएम ग्रिड के काम का निरीक्षण किया गया। ग्रीन पार्क चौराहे के एक तरफ चैंबर बनाने का काम चल रहा था, जबकि दूसरी तरफ काम शुरू करने के लिए केस्को से शटडाउन की परमिशन का इंतजार किया जा रहा था। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जरूरी अनुमति तत्काल दी जाए और काम में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि काम लगातार 24 घंटे कराया जाए। इसके लिए रात में भी निरीक्षण किया जाएगा, ताकि काम की रफ्तार बनी रहे और किसी तरह की लापरवाही न हो। ई-लाइब्रेरी का काम धीमा, कंपनी को चेतावनी फूलबाग स्थित गांधी भवन में बन रही ई-लाइब्रेरी का भी औचक निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 8.06 करोड़ रुपए है, जिसमें 2.14 करोड़ रुपए सिविल वर्क पर खर्च होने हैं। निरीक्षण के दौरान बिल्डिंग की खिड़कियों को बेहतर बनाने के लिए क्ले टाइल्स लगाने, बिजली की वायरिंग ठीक कराने और खुली जगहों को कवर करने के निर्देश दिए गए। इन खुली जगहों से धूल और गंदगी अंदर आ रही थी। इसके अलावा टूटी सीढ़ियों की मरम्मत कराने और नई ग्रिल व गेट लगाने को कहा गया। नगर आयुक्त ने कहा कि सिविल वर्क लगभग पूरा हो चुका है, इसलिए बाकी काम भी तेजी से कराया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था इन्फॉर्मेटिक्स पब्लिशिंग लिमिटेड के काम की रफ्तार पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि तय समय में काम पूरा नहीं होने पर कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाए। ई-लाइब्रेरी का काम पूरा होने तक उसके बंद होने का समय शाम 5 बजे से बढ़ाकर 7 बजे कर दिया गया है। इससे लोगों को लाइब्रेरी इस्तेमाल करने के लिए दो घंटे ज्यादा मिलेंगे। दिवाली तक सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का दावा नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि ग्रीन पार्क चौराहे पर सीएम ग्रिड रोड का काम धीमा मिलने पर दिन-रात काम करने को कहा गया है। नगर निगम द्वारा अब तक 154 से ज्यादा सड़कों पर पैचवर्क का काम कराया जा चुका है। रोजाना करीब 15 से 20 जगहों पर पैचवर्क कराया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी एनएच समेत अन्य विभागों की सड़कों पर भी मरम्मत का काम जारी है। उन्होंने बताया कि मॉल रोड, मोतीझील रोड और गोल चौराहा समेत प्रमुख सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है। दीपावली तक सड़कों को गड्ढामुक्त कराने की कोशिश जारी है। यूरिनल की सफाई के लिए मोबाइल नंबर शेयर होंगे निरीक्षण के दौरान फूलबाग गेट और एलआईसी चौराहे के पास स्मार्ट सिटी की ओर से बनाए गए यूरिनल भी देखे गए। अधिकारियों ने बताया कि महिला और पुरुष यूरिनल में तीन-तीन पॉट लगे हैं। इनकी सफाई के लिए पानी की टंकी और प्रेशर मशीन वाले वाहन से कर्मचारी आते हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि वाहन चालक और सफाई कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी अधिकारियों के साथ शेयर किए जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें बुलाकर तुरंत सफाई कराई जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User