मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:जैंत के सुनरख रोड पर हादसा, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Oct 21, 2026 - 20:20
0
मथुरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:जैंत के सुनरख रोड पर हादसा, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में बुधवार को सुनरख रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, जैंत निवासी राजू पुत्र सुरेश एक चर्च में काम करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद राजू घर लौट रहा था। इसी दौरान सुनरख रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सड़क पर हादसा होने के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक की पहचान राजू के रूप में की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शव घर पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि राजू ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। वह मेहनत-मजदूरी करके अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है। एक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User