KGMU में मुफ्त सर्जिकल सामान भी मरीजों को नहीं मिला:ग्लव्स-गाउन खरीदने बाहर भेजा, दो मरीजों से 6500 रुपए खर्च कराने का आरोप
KGMU में मरीजों को मुफ्त मिलने वाली सुविधाओं के लिए भी जेब ढीली करनी पड़ रही है। शताब्दी फेज-1 स्थित रेडियो एंजियोग्राफी यूनिट में जांच और ऑपरेशन के दौरान इस्तेमाल होने वाले ग्लव्स, गाउन, गॉज और सैंपल कंटेनर मुफ्त उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके बावजूद मरीजों को इन सामानों की पर्ची थमाई जा रही है। HRF काउंटर पर सामान नहीं मिलने की बात कहकर उन्हें निजी मेडिकल स्टोर से खरीदारी के लिए भेजा जा रहा है। यूनिट में ऑपरेशन के साथ बायोप्सी समेत दूसरी जांचों के लिए भी मरीजों के सैंपल लिए जाते हैं। इसके लिए जरूरी सर्जिकल सामान संस्थान की ओर से उपलब्ध कराने का नियम है। बायोप्सी के सामान पर खर्च किए 1300 रुपए डालीगंज निवासी एक युवती के बच्चेदानी में गांठ है। डॉक्टरों ने बायोप्सी के लिए सैंपल देने को कहा था। शनिवार को वह अपनी मां के साथ रेडियो एंजियोग्राफी यूनिट पहुंची। आरोप है कि वहां उसे छह जोड़ी ग्लव्स, तीन गाउन और कंटेनर समेत अन्य सामान की पर्ची थमा दी गई। युवती HRF काउंटर पहुंची तो सामान उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर बाहर से खरीदने को कहा गया। मजबूरन उसने निजी मेडिकल स्टोर से करीब 1300 रुपये का सामान खरीदा। आरोप है कि दुकानदार ने पक्का बिल भी नहीं दिया। किडनी के मरीज के लिए 5200 रुपये का सामान मंगाया इसी तरह माल निवासी अनुराग कुमार के चाचा की किडनी में संक्रमण है। उनकी जांच के लिए भी बाहर से ग्लव्स, गाउन और कंटेनर समेत करीब 5200 रुपये का सर्जिकल सामान मंगवाया गया। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि जब ये सामान मुफ्त देने का प्रावधान है तो उन्हें बाहर से खरीदने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है। मरीजों ने इस मामले में वसूली का आरोप लगाया है। बाहर से सामान खरीदने का दबाव बनाना गलत HRF प्रभारी डॉ. कुमार शांतनु ने बताया कि ग्लव्स, गाउन, गॉज और कंटेनर मुफ्त दिए जाने का प्रावधान है। इसलिए ये सामान HRF में उपलब्ध नहीं हैं। यदि स्टाफ मरीजों पर बाहर से सामान खरीदने का दबाव बना रहा है तो यह गलत है। इसकी शिकायत मिलने पर कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)