खाद लेने पहुंचे किसानों से मारपीट का आरोप:महोबा के एग्रो जंक्शन केंद्र पर टोकन के बाद भी खाद नहीं मिली

Nov 03, 2026 - 10:21
0
खाद लेने पहुंचे किसानों से मारपीट का आरोप:महोबा के एग्रो जंक्शन केंद्र पर टोकन के बाद भी खाद नहीं मिली
महोबा के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में खाद वितरण केंद्र पर किसानों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। सौरा गांव के किसान सोमवार भोर से टोकन लेकर लाइन में खड़े थे, लेकिन शाम को खाद खत्म होने का कहकर उन्हें भगा दिया गया। आरोप है कि रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली में खाद छिपाकर ब्लैक की जा रही थी। विरोध करने पर केंद्र संचालक संजय और उसके साथियों ने किसानों व प्रधान प्रतिनिधि से मारपीट की। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप है। अन्नदाता की मेहनत और उनके अधिकारों का यह हाल कि महोबा जनपद के पनवाड़ी थाना क्षेत्र स्थित कृषि केन्द्र एग्रो जंक्शन खाद वितरण केंद्र पर किसानों के साथ जो हुआ, वह महोबा प्रशासन और व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगाता है। सौरा गांव से आए किसान विपिन राजपूत और चरण ने बताया कि वे सोमवार तड़के 3 बजे से भूखे-प्यासे लाइनों में टोकन लेकर खड़े थे। शाम 6 बजे तक केंद्र संचालक संजय ने खाद खत्म होने का बहाना बनाकर उन्हें लौटा दिया। लेकिन जब रात के अंधेरे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में धड़ल्ले से खाद भरकर बाहर भेजी जाने लगी, तो किसानों ने इसका विरोध किया। किसानों का सवाल था कि जब टोकन धारकों को खाद नहीं मिली, तो यह खाद कहां जा रही है? बस इसी बात पर केंद्र संचालक संजय ने अपने साथियों को बुला लिया। सोमवार रात 9 बजे दबंगों ने विपिन, महेंद्र, अंकित और नंदू समेत चार किसानों की बेरहमी से पिटाई कर दी, उनके कपड़े तक फाड़ दिए। सूचना पर पहुंचे सौरा गांव के प्रधान प्रतिनिधि रामदीन अहिरवार के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। ​हद तो तब हो गई जब पीड़ित किसान न्याय की गुहार लगाने पनवाड़ी थाने पहुंचे, तो पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की। अब सवाल यह उठता है कि क्या अन्नदाताओं को खाद के लिए यूं ही जलील होना पड़ेगा और कालाबाजारी करने वाले दबंग कानून से ऊपर रहेंगे? महोबा प्रशासन को इस मामले में तुरंत कड़ा एक्शन लेना चाहिए। इस मामले को लेकर पनवाड़ी थाना प्रभारी प्रवीण का कहना है कि उक्त मामले की जांच कराई जाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User