मऊ में दो दिन गंगा महोत्सव होगा:रामघाट और महादेव घाट पर दीपोत्सव, महाआरती; लोकगीत और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां होंगी

Nov 03, 2026 - 10:04
0
मऊ में दो दिन गंगा महोत्सव होगा:रामघाट और महादेव घाट पर दीपोत्सव, महाआरती; लोकगीत और स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां होंगी
मऊ में 3 और 4 नवंबर को गंगा महोत्सव 2026 के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिला गंगा समिति की ओर से आयोजित महोत्सव में लोकगीत, स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां, दीपोत्सव और मां गंगा की महाआरती होगी। कार्यक्रम के जरिए नदियों के संरक्षण और सफाई का संदेश दिया जाएगा। 3 नवंबर को कार्यक्रम दोहरीघाट के रामघाट पर और 4 नवंबर को मऊ के महादेव घाट पर होंगे। जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमन्त कुमार यादव ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, सफाई और सांस्कृतिक विरासत के प्रति लोगों को जागरूक करना है। 4 नवंबर को महादेव/गाय घाट स्थित तमसा तट पर दोपहर 1 बजे से शाम 5:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिले के अलग-अलग स्कूलों के छात्र-छात्राएं भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और नदी संरक्षण से जुड़ी प्रस्तुतियां देंगे। स्थानीय कलाकार लोकगीत भी पेश करेंगे। दोनों दिन शाम को दीपोत्सव और महाआरती होगी। 3 नवंबर को दोहरीघाट के रामघाट और 4 नवंबर को महादेव/गाय घाट पर शाम 6 बजे दीप जलाए जाएंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे मां गंगा की महाआरती होगी। कार्यक्रम में मऊ के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अतिथि शामिल होंगे। आयोजकों के मुताबिक, महोत्सव के जरिए युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को नदियों को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्थानीय लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देकर नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने का प्रयास भी होगा। जिला गंगा समिति ने जिले के लोगों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User