खैर में 'मकान बिकाऊ' के पोस्टर से गरमाया माहौल:अलीगढ़ में मंत्री के पहुंचने पर पीछे हटे लोग; दो समाजों के बीच कहासुनी के बाद उपाध्याय मोहल्ले में लगे थे पोस्टर
खैर के उपाध्याय मोहल्ले में दो समाजों के बीच कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि विरोध में कई घरों के बाहर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर लग गए। रविवार देर शाम हुए इस घटनाक्रम के वीडियो सोमवार को सामने आए तो मामला फिर चर्चा में आ गया। पोस्टर लगने की सूचना पर राजस्व राज्यमंत्री एवं खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर मामला शांत कराया। हालांकि, पुलिस के मुताबिक विवाद आपसी बातचीत और सामाजिक लोगों की सहमति से सुलझ गया। इसमें कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है। 14 घटनाओं का आरोप लगाकर लगाए पोस्टर उपाध्याय मोहल्ले के सवर्ण समाज के लोगों का आरोप था कि वाल्मीकि समाज के कुछ युवकों के साथ विवाद और मारपीट की घटनाएं लगातार हो रही हैं। लोगों ने ऐसी 14 घटनाएं होने का दावा किया। इसी नाराजगी में रविवार शाम कई मकानों के बाहर 'मकान बिकाऊ है' के पोस्टर लगा दिए गए। इससे मोहल्ले में तनाव की स्थिति बन गई। आढ़ती अजीत शर्मा के घर पहुंचे थे मंत्री विरोध की जानकारी पर राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर उपाध्याय मोहल्ले पहुंचे। आढ़ती अजीत शर्मा के आवास पर सवर्ण समाज के लोगों के साथ बैठक कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने इंस्पेक्टर खैर को फोन कर पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश भी दिए। मंत्री के आश्वासन के बाद लोगों ने पोस्टर हटा लिए। इसके बाद वह माता मोहल्ला स्थित वाल्मीकि धर्मशाला पहुंचे और वाल्मीकि समाज के लोगों से भी बातचीत की। दोनों पक्षों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। एसपी देहात बोले- आपसी सहमति से सुलटा मामला एसपी देहात मनीष मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ कहासुनी हुई थी, जिसको लेकर नाराजगी बढ़ गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। सामाजिक लोगों के साथ बातचीत के बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामला सुलझ गया है। इसमें कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है। मंत्री से नहीं हो सकी बात मामले में राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। फिलहाल पोस्टर हट चुके हैं और पुलिस के मुताबिक विवाद आपसी सहमति से खत्म हो गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)