खेतों की सेहत बचाने लखनऊ पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज:बोले- तिल और मूंगफली की सरकारी खरीद को भी केंद्र सरकार ने दी मंजूरी,यूपी की 374 ग्रामीण सड़कों के लिए 544.62 करोड़ मंजूर
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को लखनऊ स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसान चौपाल में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधा संवाद किया और खेती को लाभकारी बनाने के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से जरूरत के मुताबिक ही रासायनिक उर्वरकों का इस्तेमाल करने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के जरिए मिट्टी की जांच कराने की अपील की। चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़ भारत बना नंबर वन केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में खाद्यान्न का पर्याप्त उत्पादन हो रहा है और भारत चावल उत्पादन के मामले में चीन को पीछे छोड़कर दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच गया है। खाद्यान्न के मामले में देश आत्मनिर्भर है और इसमें किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अब जरूरत उत्पादन बढ़ाने के साथ खेतों और मिट्टी की सेहत को सुरक्षित रखने की है। जरूरत से ज्यादा खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल नुकसानदेह शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जरूरत से ज्यादा रासायनिक खाद और कीटनाशकों का इस्तेमाल मिट्टी की गुणवत्ता को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे खेती में उपयोगी जीव भी प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर मिट्टी की जरूरत समझकर ही उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए। संतुलित उर्वरक प्रबंधन से ही जमीन की उर्वरता लंबे समय तक बनाए रखी जा सकती है। पांच बीघा में एक बीघा पर करें प्राकृतिक खेती केंद्रीय मंत्री ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों के पास पांच बीघा जमीन है, वे कम से कम एक बीघा में प्राकृतिक खेती का प्रयोग जरूर करें। इससे मिट्टी की गुणवत्ता और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों को एक ही फसल पर निर्भर रहने के बजाय फल, सब्जियां, दालें और दूसरी फसलें उगाने की सलाह दी। फसल विविधीकरण और एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाकर किसान अपनी आमदनी के स्रोत बढ़ा सकते हैं। यूपी में 374 ग्रामीण सड़कों के लिए 544.62 करोड़ मंजूर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों के लिए बेहतर सड़क संपर्क भी जरूरी है, ताकि वे अपनी उपज आसानी से बाजार तक पहुंचा सकें। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 374 ग्रामीण सड़कों के निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है। इसके लिए 544.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में तिल और मूंगफली की खरीद को भी केंद्र सरकार ने स्वीकृति दी है। इससे इन फसलों की खेती करने वाले किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खेतों की उर्वरता बचाने के लिए चलाया जा रहा अभियान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का ‘खेत बचाओ अभियान’ किसानों को मिट्टी की सेहत, संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य खेती को टिकाऊ बनाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए जमीन की उर्वरता सुरक्षित रखना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)