मेरठ में 14 नवंबर से होगा RLD T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट:24 मुकाबलो में 10 टीमें लेंगी हिस्सा, विजेता को 1 लाख का इनाम
मेरठ में राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) खेल प्रकोष्ठ की ओर से युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से RLD T-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट का शुभारंभ 14 नवंबर को आईआईएमटी यूनिवर्सिटी, गंगानगर के क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। प्रतियोगिता का समापन 27 दिसंबर को राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के जन्मदिन पर किया जाएगा। आरएलडी खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दीपक तोमर ने बताया कि टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। सभी टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता के दौरान करीब 24 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम का नेतृत्व खेल प्रकोष्ठ के पदाधिकारी करेंगे। विजेता को एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। समापन समारोह में राष्ट्रीय लोकदल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। टूर्नामेंट में चौधरी सुपर किम्स, राजकुमार रॉयल, आरडी 75, परसु 11, स्पोर्ट्स एक्स, लेमफोर्ड, वी डी वेयर, जाफरान 11, मुजफ्फरनगर टाइटन और गोल्डन ग्लेडिएटर टीमें हिस्सा लेंगी। खेल के जरिए युवाओं को संगठन से जोड़ने की पहल डॉ. दीपक तोमर ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित करना है। आउटडोर खेलों के प्रति युवाओं की घटती रुचि को देखते हुए उन्हें खेलों से जोड़ने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने की पहल की गई है। खेल प्रकोष्ठ की थीम ‘खेल से संगठन, संगठन से शक्ति’ है। टूर्नामेंट का आयोजन डॉ. दीपक तोमर के नेतृत्व में होगा। प्रबंधन की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल चौधरी और प्रदेश महासचिव अभिषेक चौधरी संभालेंगे। वरिष्ठ क्रिकेटर इमरान और खेल प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष शारिक चौधरी प्रतियोगिता में कोच की भूमिका निभाएंगे। खेल प्रकोष्ठ का प्रयास है कि इस आयोजन से मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्रिकेट और अन्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिले। साथ ही अधिक से अधिक खिलाड़ियों और युवाओं को राष्ट्रीय लोकदल के संगठन से जोड़ा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)