करीब 100 महिलाओं ने आपदा से बचाव की जानकारी ली:हापुड़ में कार्यक्रम में भूकंप, बाढ़, आग और वज्रपात से सुरक्षा के उपाय बताए

Oct 28, 2026 - 20:46
0
करीब 100 महिलाओं ने आपदा से बचाव की जानकारी ली:हापुड़ में कार्यक्रम में भूकंप, बाढ़, आग और वज्रपात से सुरक्षा के उपाय बताए
हापुड़ में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 100 महिलाओं के लिए आपदा प्रबंधन और जोखिम कम करने पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें भूकंप, बाढ़, आग और वज्रपात से बचाव के तरीके बताए गए। जिलाधिकारी कविता मीना के मार्गदर्शन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य महिलाओं को आपदा के दौरान सुरक्षा, प्राथमिक सहायता, राहत-बचाव और सामुदायिक जागरूकता की जानकारी देना था। कार्यक्रम का संचालन जिला आपदा विशेषज्ञ, हापुड़ ने किया। सैयद शहबाज हाशमी, घनेन्द्र पाल, मयंक, अमन और फैसल ने अलग-अलग विषयों पर जानकारी दी। सैयद शहबाज हाशमी ने आपदा जोखिम कम करने और पहले से तैयारी करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समुदाय को जागरूक कर आपदाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम कर सकती हैं। घनेन्द्र पाल ने भूकंप के दौरान ‘झुको, ढको और पकड़कर रहो’ का तरीका समझाया। उन्होंने घर में भारी सामान सुरक्षित रखने और आपात स्थिति में बाहर निकलने की पहले से तैयारी करने को कहा। मयंक ने बाढ़ और ज्यादा बारिश के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों में बेवजह आने-जाने से बचने, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित जगह पहुंचाने और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने को कहा। उन्होंने राहत शिविरों में सफाई, पीने के पानी और जरूरी सामान के प्रबंधन में सहयोग देने की बात भी कही। अमन ने आग और घरेलू आग से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने गैस सिलेंडर, बिजली के उपकरणों और रसोई में सावधानी बरतने को कहा। आग लगने पर सुरक्षित जगह जाने और जरूरत पड़ने पर अग्निशमन सेवा की मदद लेने की जानकारी दी। फैसल ने आंधी-तूफान, वज्रपात और अन्य मौसमी आपदाओं से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने खराब मौसम में खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर इमारतों से दूर रहने और पक्के भवन में शरण लेने की सलाह दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User