मेरठ में स्कूल बस पलटने के बाद परिवहन-विभाग की कार्रवाई:स्कूल से जुड़े पांच वाहन किए सीज, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मेरठ के रोहटा क्षेत्र के मल्लापुर गांव के पास बुधवार को स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, सतवाई की बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में करीब 18 बच्चे घायल हुए थे। घटना के बाद बच्चों के परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया था। ग्रामीणों का आरोप था कि करीब 22 साल पुरानी बस से बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने का काम किया जा रहा था। हादसे के बाद परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूल से जुड़े पांच वाहनों को सीज कर दिया। इनमें हादसे वाली बस के अलावा स्कूल परिसर से चार अन्य वाहन भी सीज किए गए। वहीं, परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पांच वाहन सीज, बस के दस्तावेजों की जांच परिवहन विभाग की कार्रवाई में सीज किए गए पांच वाहनों में हादसे वाली बस भी शामिल है। इसके अलावा स्कूल परिसर से चार अन्य वाहन सीज किए गए। इनमें दो वाहनों के नाम स्कूल से जुड़े बताए गए हैं, जबकि हादसे वाली बस और दो अन्य वाहन थर्ड पार्टी के नाम पर हैं। हादसे वाली बस का पंजीकरण मेरठ में नहीं है। ऐसे में परिवहन विभाग की टीम बस की फिटनेस, पंजीकरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में जो भी कमियां सामने आएंगी, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हादसे के बाद बच्चों के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद सपा नेता सम्राट मलिक ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बस की उम्र और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल किए थे। ग्रामीणों ने स्कूल चेयरमैन का घेराव कर जवाब मांगा और पुरानी बस के संचालन पर नाराजगी जताई। सम्राट मलिक के अनुसार, हादसे में शामिल बस करीब 22 साल पुरानी थी। ग्रामीणों के विरोध के बाद स्कूल चेयरमैन ने माफी मांगी और भविष्य में पुरानी व असुरक्षित बसों का संचालन नहीं करने का आश्वासन दिया। सम्राट मलिक ने कहा कि देहात क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाली बसों के मानकों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्कूल प्रबंधन पैसों के लालच में बच्चों की सुरक्षा की अनदेखी कर रहे हैं। यदि जल्द ही इस प्रकार की बसों को स्कूलों से नहीं हटाया गया तो दीपावली के बाद परिवहन विभाग के कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)