लिफाफे में कारतूस भेजकर मांगी 50 लाख की रंगदारी:कुख्यात ऊधम सिंह समेत चार पर मुकदमा, सात सितंबर को दी थी हत्या की धमकी
मेरठ के सदर बाजार क्षेत्र में एक कारोबारी से कुख्यात बदमाश ऊधम सिंह के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी को गोली मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि पहले प्रतिष्ठान का निर्माण रुकवाकर रंगदारी मांगी गई। इसके बाद कार से पीछा कर शहीद स्मारक के पास कारोबारी की गाड़ी रुकवाई गई और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने कारोबारी की कार पर पीछे से फायरिंग भी की। अब बाइक सवार दो संदिग्ध कारोबारी के सिक्योरिटी गार्ड को लिफाफा थमाकर चले गए। लिफाफे में धमकी भरे पत्र के साथ जिंदा कारतूस रखा था। पत्र में 50 लाख रुपये नहीं देने पर गोली मारने की चेतावनी दी गई। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने इनामुल्लाह और ऊधम सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पल्लवपुरम के 73/ए विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा पुत्र एमएल शर्मा कारोबारी हैं। उन्होंने कुछ समय पहले ही सदर बाजार क्षेत्र के जलीकोठी में अपना कारोबार शुरू किया था। आरोप है कि प्रतिष्ठान का निर्माण कराने के दौरान उसी क्षेत्र का रहने वाला इनामुल्लाह कई बार काम रुकवाने पहुंचा। वह कारोबारी को धमकाते हुए कुख्यात ऊधम सिंह के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। कारोबारी ने उसकी धमकियों को गंभीरता से नहीं लिया। शहीद स्मारक के पास कार से किया पीछा
अंकुर शर्मा ने पुलिस को बताया कि सात सितंबर को सुबह करीब नौ बजे वह आबूलेन स्थित एक जिम से बाहर निकले। वहां दो संदिग्ध कार खड़ी थीं। वह अपनी कार में बैठकर जलीकोठी की ओर चल दिए। आरोप है कि दोनों कारों में सवार लोगों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। शहीद स्मारक के पास एक कार ने ओवरटेक करके उनकी गाड़ी रोक ली। कार से इनामुल्लाह बाहर निकला और धमकाते हुए कहा कि उसका समझाना कारोबारी की समझ में नहीं आ रहा है और वह धमकी को हल्के में ले रहा है। दूसरी कार में ऊधम सिंह ने दिखाई पिस्टल
कारोबारी के मुताबिक, इनामुल्लाह ने दूसरी कार की ओर इशारा करते हुए बताया कि उसमें ऊधम सिंह भाई साहब बैठे है। इसी दौरान दूसरी कार का शीशा नीचे हुआ। अंदर बैठे ऊधम सिंह ने पिस्टल दिखाते हुए 50 लाख रुपये जल्द से जल्द देने की धमकी दी। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की चेतावनी दी गई। इसके बाद आरोपी कार लेकर वहां से भागने लगे। कारोबारी का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने उनकी कार पर पीछे से फायरिंग भी की। हालांकि, तब तक वह काफी दूर निकल चुके थे। लिफाफे में मिला कारतूस, दहशत में कारोबारी
कारोबारी के अनुसार, एक नवंबर को वह आबूलेन पर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक उनके सिक्योरिटी गार्ड को एक लिफाफा देकर चले गए। युवकों ने लिफाफा अंकुर शर्मा के नाम से दिया था। गार्ड ने लिफाफा कारोबारी को सौंप दिया। अंकुर शर्मा ने जब उसे खोलकर देखा तो अंदर धमकी भरा पत्र और एक जिंदा कारतूस रखा हुआ था। पत्र में साफ तौर पर लिखा था कि 50 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर उन्हें गोली मार दी जाएगी। इस तरह पहले कार से पीछा कर पिस्टल दिखाने और अब कारतूस भेजकर धमकाने के मामले ने कारोबारी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कारोबारी ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस से की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने इनामुल्लाह और ऊधम सिंह समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस सात सितंबर को शहीद स्मारक के पास हुई घटना और एक नवंबर को लिफाफा पहुंचाने वाले बाइक सवारों के संबंध में साक्ष्य जुटा रही है। आबूलेन और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई जा रही है। कारोबारी को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)