4 दिन से लापता ग्राम प्रधान वृंदावन में मिले:घर से नाराज होकर गए थे, वापस लाने के लिए प्रयागराज से पुलिस टीम रवाना

Nov 05, 2026 - 00:22
0
4 दिन से लापता ग्राम प्रधान वृंदावन में मिले:घर से नाराज होकर गए थे, वापस लाने के लिए प्रयागराज से पुलिस टीम रवाना
प्रयागराज के थरवई के मनसैता गांव के लापता ग्राम प्रधान जानकी नाथ यादव बुधवार शाम सुरक्षित मिल गए। वह मथुरा के वृंदावन में अपने एक रिश्तेदार के घर पर थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह घर में किसी बात से नाराज होकर खुद ही वहां चले गए थे। उनके सुरक्षित मिलने की सूचना के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है। आज लेकर आएगी पुलिस टीम जानकी नाथ की तलाश में जुटी प्रयागराज पुलिस ने वृंदावन में संबंधित थाना पुलिस से संपर्क किया है। वहां उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, प्रयागराज से पुलिस की एक टीम बुधवार शाम ही वृंदावन के लिए रवाना कर दी गई। टीम उन्हें लेकर प्रयागराज आएगी। इसके बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर घर छोड़कर जाने की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाएगी। डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान सुरक्षित हैं। वह किसी बात से नाराज होकर घर से चले गए थे। उन्हें वृंदावन में एक रिश्तेदार के यहां पाया गया है। प्रयागराज से पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। उनके वापस आने और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। 29 अक्टूबर की शाम से थे गायब मनसैता गांव के ग्राम प्रधान जानकी नाथ यादव 29 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मोबाइल पर किसी से बात करते हुए घर से बाहर निकले थे। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में वह शाम 7:24 बजे तक दिखाई दिए थे। इसके बाद अचानक उनका कोई पता नहीं चला। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। पहले भाई ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी परिजनों ने पूरी रात गांव और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन 30 अक्टूबर को उनके भाई छत्रपाल यादव ने थरवई थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। फिर हत्या की आशंका जताते हुए दर्ज कराई एफआईआर चार दिनों तक तलाश के बावजूद प्रधान का कोई सुराग नहीं मिलने पर उनके भाई छत्रपाल यादव ने अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल रही है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि किसी व्यक्ति ने उनके भाई का अपहरण कर लिया है और उनकी हत्या किए जाने की भी प्रबल संभावना है। छत्रपाल यादव इलाहाबाद हाईकोर्ट में समीक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी और प्रधान के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया था। जांच के दौरान थरवई रामलीला मैदान के पास उनके मोबाइल की आखिरी लोकेशन मिली थी। यहां तक कि ड्रोन कैमरे से मनसैता नाले में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। सपा विधायक ने की थी सकुशल बरामदगी की मांग जानकी नाथ यादव ग्राम प्रधान होने के साथ ही प्रधान संघ के महामंत्री भी हैं। उनके लापता होने की जानकारी मिलने पर सपा विधायक आरके वर्मा और प्रधान संघ के पदाधिकारी थरवई थाने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर प्रधान की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की थी। उधर, उनके अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान थे। उनकी पत्नी ज्योति यादव ने पहला करवाचौथ व्रत भी रखा था। अब वृंदावन में उनके सुरक्षित मिलने की जानकारी के बाद परिवार को राहत मिली है। हालांकि, वह किन परिस्थितियों में घर से निकले और चार दिनों तक परिवार से संपर्क क्यों नहीं किया, इसकी जानकारी पुलिस की पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User