छात्रों ने राज्यपाल से रिजल्ट गड़बड़ी को लेकर की शिकायत:परीक्षा नियंत्रक को लगाई फटकार,बोली-कर्मचारियों की लापरवाही से सरकार और यूनिवर्सिटी दोनों का हो रहा नुकसान
आगरा में मंगलवार को NCTE कार्यक्रम के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सीधे डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय पहुंची। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इससे पहले एलएलबी के एक दर्जन छात्र अपनी समस्या लेकर यूनिवर्सिटी आए थे। राज्यपाल को देखकर उन्होंने अपनी बात रखी। छात्रों ने बताया कि कई महीनों से BA LLB और LLB के रिजल्ट गलत आ रहे हैं। पेपर सिलेबस से बाहर आया था। रिजल्ट सही कराने के लिए छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्यपाल ने छात्रों की बात सुनकर परीक्षा नियंत्रक को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्या जल्द सुनी जाए और परीक्षा दोबारा कराई जाए। राज्यपाल ने पूरे परिसर का भ्रमण किया। हर कर्मचारी के कार्यालय में जाकर बातचीत की। कर्मचारियों की आपसी लड़ाई और लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि आपके गलत व्यवहार और ठीक से काम न करने से सरकार और यूनिवर्सिटी दोनों का नुकसान हो रहा है। काम में सुधार लाया जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी मीटिंग की जाएगी। यूनिवर्सिटी का माहौल सुधारना होगा। बताया गया है कि राज्यपाल के कार्यक्रम के दौरान छात्र नेताओं को नजरबंद कर दिया गया था। कुछ छात्र नेताओं को पता चला कि राज्यपाल यूनिवर्सिटी आ रही हैं तो उन्होंने आगरा कॉलेज के एलएलबी छात्रों को सूचना दी। छात्रों ने सांसद एसपी सिंह बघेल को फोन कर कहा कि हमें राज्यपाल से मिलवाया जाए, नहीं तो कार्यक्रम में दखल देंगे। सांसद ने कहा कि यूनिवर्सिटी में एक तरफ खड़े रहो, मैं आपकी बात रखूंगा। छात्र दीपक और सचिन सहित आगरा कॉलेज के छात्रों ने राज्यपाल के सामने अपनी समस्या रखी। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिकायत के लिए विवि पहुंचते है तो वीसी और परीक्षा नियंत्रक दोनों ही नहीं मिलते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)