कचहरी के सामने खून से लथपथ मिला युवक का शव:रामपुर में रात 11 बजे से था लापता, सुबह मिली डेडबॉडी
रामपुर के कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र की गंगापुर आवास विकास कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक युवक का शव खून से लथपथ मिला। शव कचहरी गेट के ठीक सामने मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल की जांच कर सबूत जुटाए। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। रात 11 बजे तक घर नहीं पहुंचा था युवक मृतक की पहचान 35 साल के विष्णु के रूप में हुई है। वह कचहरी में चाय बेचकर अपने परिवार का गुजारा करता था। उसकी बहन मंजू ने बताया कि विष्णु मंगलवार रात करीब 11 बजे तक घर नहीं पहुंचा था। परिवार के लोगों ने कई बार फोन भी किया, लेकिन वह घर नहीं आया। आमतौर पर वह रात 11 से 11:30 बजे तक घर लौट आता था। मंजू के मुताबिक, गुरुवार सुबह युवक का शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार के लोग हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि विष्णु को किसने मारा। पुलिस से घटना की जांच कर आरोपी का पता लगाने की मांग की है। पिता की मौत हो चुकी, मां का रो-रोकर बुरा हाल परिजनों के मुताबिक, विष्णु चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी तीन छोटी बहनें हैं। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। विष्णु की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका छोटा भाई किशन पंजाब में मजदूरी करता है, जबकि दूसरा भाई गौतम हल्द्वानी में काम करता है। तीसरा भाई मंगल भी कचहरी में चाय बेचता है। मृतक की मौसी राधा ने बताया कि सूचना मिलने पर वह घर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि विष्णु के सिर पर गंभीर चोट थी और खून बह रहा था। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ओंकार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपी के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)