मेरठ में सीएम योगी ने किया 'शौर्य गाथा' पुस्तक विमोचन:यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी, बच्चों पढ़ेंगे वीरों के बलिदान की कहानियां

Nov 14, 2026 - 23:58
0
मेरठ में सीएम योगी ने किया 'शौर्य गाथा' पुस्तक विमोचन:यूपी के स्कूलों में पढ़ाई जाएगी, बच्चों पढ़ेंगे वीरों के बलिदान की कहानियां
शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'शौर्य गाथा' पुस्तक का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि पुस्तक प्रदेश के सभी स्कूलों और पुस्तकालयों में उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय सेना के पराक्रम, सैनिकों के त्याग और देश के गौरवशाली सैन्य इतिहास से परिचित कराना है। सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास निदेशालय, उत्तर प्रदेश की ओर से प्रकाशित यह किताब 348 पेजों की है। इसमें उत्तर प्रदेश के उन सैनिकों की वीरता की कहानियां शामिल की गई हैं, जिन्होंने भारतीय सशस्त्र सेनाओं में सेवाएं देते हुए असाधारण साहस और समर्पण दिखाया। पुस्तक में शांतिकाल के दौरान वीरता पुरस्कार पाने वाले प्रदेश के सैनिकों का विवरण दिया गया है। इसमें 7 अशोक चक्र, 30 कीर्ति चक्र और 133 शौर्य चक्र विजेताओं की बहादुरी और उनके योगदान को संकलित किया गया है। सात अध्यायों में समेटा वीरता का इतिहास 'शौर्य गाथा' को सात अध्यायों में बांटा गया है। इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से होती है। इसमें आजादी से पहले और स्वतंत्रता के बाद दिए जाने वाले विभिन्न वीरता पुरस्कारों की जानकारी सरल भाषा में दी गई है। साथ ही बताया गया है कि देश की सुरक्षा के लिए सैनिकों ने अलग-अलग परिस्थितियों में किस तरह साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। किताब को इस तरह तैयार किया गया है कि आम लोग और खासकर युवा पीढ़ी भी सैन्य इतिहास को आसानी से समझ सकें। ऑपरेशन सिंदूर से ऑपरेशन पराक्रम तक का जिक्र किताब के तीसरे अध्याय में भारतीय सेना के विभिन्न सैन्य अभियानों का जिक्र किया गया है। इसमें ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन पोलो, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन ब्लू स्टार और ऑपरेशन पराक्रम जैसे अभियानों को शामिल किया गया है। इन अभियानों में सैनिकों की भूमिका, उनके साहस और देश की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी गई है की कैसे अलग-अलग परिस्थितियों में जवानों ने किस तरह अपनी जिम्मेदारी निभाई और चुनौतियों का सामना किया। बच्चे अपने जिले के वीर सैनिकों को भी जानेंगे किताब के आखिरी हिस्से में अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र विजेताओं की जिलेवार सूची दी गई है। इससे प्रदेश के बच्चे अपने जिले और आसपास के क्षेत्रों के उन सैनिकों के बारे में भी जान सकेंगे, जिन्होंने देश के लिए असाधारण वीरता दिखाई। अपने क्षेत्र के वीर जवानों की उपलब्धियों और उनके योगदान को पढ़कर बच्चों को स्थानीय स्तर पर भी प्रेरणा मिलेगी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री के संदेश से शुरुआत किताब की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेशों से की गई है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सैनिकों के साहस, अनुशासन और बलिदान को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा का आधार बताया है। उन्होंने लिखा है कि सैनिकों का जीवन प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री की ओर से इस किताब को सभी स्कूलों और पुस्तकालयों तक पहुंचाने की घोषणा के बाद इसका उपयोग केवल सैन्य इतिहास के दस्तावेज के रूप में ही नहीं, बल्कि बच्चों को देश के वीरों से परिचित कराने के माध्यम के रूप में भी होगा। इसके जरिए नई पीढ़ी सैनिकों के त्याग, समर्पण, अनुशासन और देशभक्ति के मूल्यों को समझ सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User