कागज कारोबारी के बेटे की छठी मंजिल से गिरकर मौत:गर्लफ्रेंड से मिलने अपार्टमेंट पहुंचा था, हत्या की आशंका पर चार लोग हिरासत में
कानपुर के सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। छठी मंजिल से गिरकर गुरु कृपा पेपर के मालिक के 22 वर्षीय इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की मौत हो गई। पास के अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं। वहीं, परिजनों ने शरीर पर चोटों के निशान देखकर मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक जांच की। मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला दोस्त से मिलने पहुंचा था संभव, कुछ देर बाद नीचे मिला शव
गुमटी नंबर पांच निवासी विशाल खंडेलवाल गुरु कृपा पेपर के कारोबारी हैं। इसके साथ ही वह एक समाचार पत्र के मालिक और संपादक भी हैं। उनका 22 वर्षीय बेटा संभव खंडेलवाल शनिवार शाम करीब पांच बजे सिंहपुर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट पहुंचा था। बताया गया कि वह अपार्टमेंट के बी-2 टावर की छठी मंजिल पर रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। युवती अपनी मां और छोटे भाई के साथ वहां रहती है। कुछ देर बाद ही संभव छठी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के समय मौके पर युवती का मुंहबोला मामा भी मौजूद था। चोटों के निशान देख परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
संभव की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। शव देखने के बाद उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। उनका कहना था कि यदि संभव इतनी ऊंचाई से गिरा होता तो शरीर पर चोटों के निशान अधिक स्पष्ट दिखाई देते। उसकी बांह और पैर में खरोंच के निशान थे, जबकि सिर में भी चोट लगी थी। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, चार लोगों से पूछताछ
सूचना पर पहुंची बिठूर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से लेकर नीचे गिरने वाले स्थान तक साक्ष्य जुटाए गए। टीम ने अस्पताल पहुंचकर भी जांच की। पुलिस ने महिला मित्र, उसकी मां, छोटे भाई और मौके पर मिले मुंहबोले मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया- मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। चार लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव की मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)