गोरखपुर में बच्ची से दुष्कर्म-हत्या केस में 10वीं गवाही:कोर्ट में पेट्रोल पंप के मालिक का बयान दर्ज, अगली सुनवाई 29 अक्टूबर को
गोरखपुर जिला अस्पताल से 10 साल बच्ची को अगवा कर रेप और हत्या के मामले में बुधवार को अपर सत्र न्यायाधीश और विशेष न्यायाधीश पाक्सो शमीम अहमद अंसारी की अदालत में दसवें गवाह की गवाही हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक राघवेंद्र त्रिपाठी और राम मिलन सिंह ने मानीराम स्थित पेट्रोल पंप पर लगे कैमरे के फुटेज को लेकर मालिक अनस खान का बयान दर्ज कराया गया। उस फुटेज को विवेचक ने विवेचना के दौरान सुरक्षित किया था। बचाव पक्ष की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल बृजेश सिंह और डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल भगत गौड़ ने प्रति परीक्षा की, जो पूरी नहीं हो सकी। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 29 अक्टूबर तारीख तय की है।
नायब तहसीलदार की गवाही पूरी
इस मामले में मंगलवार को मृतका का पंचायतनामा करने वाले नायब तहसीलदार दुर्गेश कुमार चौरसिया की गवाही हुई थी। उनकी प्रति परीक्षा पूरी नहीं हो सकी थी। इससे पहले पोस्टमार्टम करने वाले तीन डाक्टरों के पैनल की गवाही और जिरह भी हो चुकी है। मृतका के पिता और बड़ी बहन सहित छह गवाहों के बयान पहले दर्ज किए गए थे।
कोतवाली पुलिस ने मामले में 187 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया था। डायल-112 में तैनात रहे आरोपित अभिषेक यादव को पुलिस सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। कोर्ट में मुकदमे का विचारण जारी है। गुरुवार को पेट्रोल पंप मालिक की शेष प्रति परीक्षा होगी। 28 जुलाई की रात अस्पताल से लापता हुई थी बच्ची 10 साल की बच्ची 28 जुलाई की रात गोरखपुर जिला अस्पताल में भर्ती अपनी बड़ी बहन को खाना देने गई थी। इसी दौरान वह लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की तो पुलिस की वर्दी पहने एक युवक के उसे अपने साथ ले जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच की। इस दौरान डायल 112 में तैनात गाजीपुर निवासी सिपाही अभिषेक यादव का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। 30 जुलाई को रोहिन नदी किनारे मिला था शव 30 जुलाई को चिउटहा में रोहिन नदी के किनारे बच्ची का शव मिला था। पुलिस ने मामले में अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपों की जांच की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया था, ऐसा पुलिस का कहना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)