महराजगंज में 1503 नशीले इंजेक्शन बरामद, आरोपी गिरफ्तार:भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और SSB ने पकड़ा, कार भी जब्त
महराजगंज में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रविवार सुबह भारत-नेपाल सीमा के मुख्य गेट के पास कार्रवाई करते हुए 1,503 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोनौली पुलिस और SSB की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। रविवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा के मुख्य गेट के पास कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रेमचन्द (29) को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। तीन तरह के इंजेक्शन मिले पुलिस ने बरामदगी में 511 एम्पुल बुप्रेनोरफिन, 499 एम्पुल डाइजापाम और 493 एम्पुल प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन शामिल होने की जानकारी दी है। कुल 1,503 एम्पुल इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा हरियाणा नंबर (HR 72D 6317) की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है। NDPS एक्ट में केस दर्ज गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाराजगंज के सोनौली थाना क्षेत्र के जुगौली गांव के रहने वाले प्रेमचन्द पुत्र संतराम के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर सोनौली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/23 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है। कार्रवाई थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम में सोनौली पुलिस के उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार पटेल, अरविंद कुमार और कांस्टेबल अनूप मिश्रा सहित SSB के उपनिरीक्षक रामलाल, हेड कांस्टेबल करमवीर प्रताप गहलोत और कांस्टेबल नवनीत कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)