महराजगंज में 16 करोड़ का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल तैयार:डॉक्टरों और स्टाफ की कमी से संचालन ठप
महराजगंज के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब भी गोरखपुर या दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल परिसर में करीब 16.09 करोड़ रुपये की लागत से बना 50 बेड का क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल तैयार होने और स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर होने के बावजूद शुरू नहीं हो सका है। डॉक्टरों, नर्सों और जरूरी उपकरणों की कमी के कारण अस्पताल के संचालन में देरी हो रही है। इस अस्पताल का उद्घाटन 5 अप्रैल 2025 को हुआ था। उस समय लोगों को उम्मीद जगी थी कि गंभीर बीमारी होने पर उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर नहीं जाना पड़ेगा। जिला अस्पताल में ही आईसीयू, वेंटिलेटर और क्रिटिकल केयर की सुविधाएं मिल सकेंगी। लेकिन उद्घाटन के सात महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी अस्पताल में इलाज शुरू नहीं हुआ है। तीन मंजिला भवन में उम्र के हिसाब से आईसीयू वार्ड करीब 4 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस तीन मंजिला अस्पताल में अलग-अलग आयु वर्ग के मरीजों के इलाज की व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर नवजात शिशुओं के लिए 16 बेड का एसएनसीयू वार्ड बनाया गया है। यहां जन्म से 28 दिन तक के बच्चों का इलाज होगा। इसी मंजिल पर एक महीने से 18 साल तक के बच्चों के लिए आईसीयू की व्यवस्था है। पहली मंजिल पर बुजुर्ग मरीजों के लिए 17 बेड का आईसीयू वार्ड बनाया गया है। दूसरी मंजिल पर 18 से 55 साल तक के वयस्क मरीजों के लिए 17 बेड का आईसीयू वार्ड है। तीनों मंजिलों पर वेंटिलेटर, मेडिकल गैस पाइपलाइन, फायर सेफ्टी सिस्टम और इमरजेंसी एग्जिट की सुविधा दी गई है। अस्पताल को 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। 5 विशेषज्ञ डॉक्टरों समेत 92 कर्मचारियों की जरूरत जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी के अनुसार, अस्पताल के संचालन के लिए 5 विशेषज्ञ डॉक्टर, 12 इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर, 66 स्टाफ नर्स और 9 अन्य कर्मचारियों की जरूरत है। इनकी तैनाती के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से एमडी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को पत्र भेजा गया है। इसके अलावा निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए 250 केवीए का जनरेटर और मेडिकल गैस की नियमित आपूर्ति भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि आवश्यक संसाधन उपलब्ध होते ही अस्पताल की यूनिट शुरू कर दी जाएगी। गंभीर मरीजों को गोरखपुर करना पड़ता है रेफर वर्तमान में जिला अस्पताल में गंभीर वयस्क मरीजों के लिए आईसीयू की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीज की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों को उसे गोरखपुर रेफर करना पड़ता है। कई बार लंबी दूरी तय करने के दौरान मरीज की हालत और गंभीर हो जाती है। वहीं, गरीब परिवारों के लिए दूसरे शहर में इलाज कराना आर्थिक परेशानी का कारण बनता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अस्पताल का भवन तैयार हो चुका है, उद्घाटन भी हो गया है और स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर भी किया जा चुका है, तो फिर इलाज शुरू करने में देरी क्यों हो रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द डॉक्टरों और कर्मचारियों की तैनाती कर अस्पताल का संचालन शुरू कराने की मांग की है, ताकि जिले के मरीजों को गंभीर बीमारियों का इलाज अपने ही जिले में मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)