महराजगंज में बुखार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द के मरीज बढ़े:जिला अस्पताल में रोज आ रहे 1000 से 1500 मरीज, डॉक्टरों ने दी सलाह
महराजगंज में लगातार बदल रहे मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। बुखार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। जिला संयुक्त चिकित्सालय में प्रतिदिन करीब 1000 से 1500 मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। इनमें गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि सामान्य लक्षण वाले मरीजों को जांच और दवा देने के बाद घर भेज दिया जा रहा है। अस्पताल में मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच डॉक्टर लोगों को खानपान और साफ-सफाई को लेकर सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार, मौसम में बदलाव के दौरान खानपान में लापरवाही और दूषित भोजन-पानी के सेवन से पेट संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। ताजा भोजन करें, बासी खाने से बचें जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों का उपचार कर रहे डॉक्टर आर. रमन ने बताया कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं, सामान्य रूप से बीमार मरीजों को आवश्यक दवाएं देकर घर भेजा जा रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि बासी खाना खाने से बचें और हमेशा ताजा भोजन का सेवन करें। पीने के लिए साफ पानी का इस्तेमाल करें और पानी को उबालकर या सुरक्षित तरीके से गर्म करके पीना बेहतर है। डॉक्टर ने बाहर खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से भी परहेज करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उल्टी-दस्त, बुखार या पेट दर्द की शिकायत होने पर लापरवाही न बरतें। जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें और बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं न लें। बचाव के लिए साफ-सफाई जरूरी चिकित्सकों के मुताबिक, हाथों की नियमित सफाई, स्वच्छ भोजन और सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करके कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर ध्यान देना जरूरी है। लगातार उल्टी-दस्त होने, तेज बुखार आने या शरीर में पानी की कमी के लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)