मंगेतर को प्राइवेट फोटो-चैट भेजकर रिश्ता ताेड़वाया:प्रयागराज में शादी से इंकार पर युवती से ब्लैकमेलिंग, बोला-वीडियो वायरल कर दूंगा
प्रयागराज में एक युवती को शादी के लिए मजबूर करने और इनकार करने पर उसकी निजी तस्वीरें और चैट मंगेतर के पास भेजकर उसका रिश्ता तोड़वा दिया गया। युवती का कहना है कि उसका पूर्व परिचित लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर वह निजी फोटो और अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, उसने युवती के मंगेतर के घर उसकी निजी तस्वीरें और कॉल रिकॉर्डिंग तक भेज दीं। इससे 25 नवंबर 2026 को तय शादी टूट गई। कैंट निवासी पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मंगेतर के घर भेज दिए निजी फोटो और चैट युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अजय कुमार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा है। जब उसने इससे इनकार किया तो युवक ने उसके कुछ निजी फोटो और चैट उसके मंगेतर के घर भेज दिए। इसके अलावा कॉल रिकॉर्डिंग भी भेजी गई। युवती का आरोप है कि इस हरकत के चलते उसकी 25 नवंबर को होने वाली शादी टूट गई। अश्लील वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी युवती के मुताबिक, आरोपी उसे लगातार फोन करता है। फोन नहीं उठाने पर राजापुर स्थित उसके कमरे पर पहुंचकर बात करने का दबाव बनाता है। वह अपनी जिद पूरी कराने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। युवती का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर निजी फोटो और अश्लील वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देता है। विरोध करने पर गाली-गलौज भी करता है। जबरन मांग भरकर खींची फोटो को बताता है शादी का सबूत तहरीर में युवती ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि अजय ने जबरदस्ती उसकी मांग में सिंदूर भरकर फोटो खींची थी। अब वह इन तस्वीरों के आधार पर दोनों की शादी हो जाने की झूठी बात कहता है। युवती के भाई-बहनों को भी फोन करके परेशान करने का आरोप है। Gmail, WhatsApp और Telegram अकाउंट हैक किया युवती ने आरोप लगाया है कि अजय ने उसकी मर्जी के बिना उसके Gmail, WhatsApp और Telegram अकाउंट का एक्सेस भी हासिल कर लिया। इस तरह उसकी निजी बातचीत और डिजिटल जानकारी तक उसकी पहुंच हो गई। युवती ने पुलिस को आरोपी के गांव का पता और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है। परिवारवालों ने भी दबाव बनाया युवती ने अपनी शिकायत में अजय के अलावा उसके भाई अक्षय, बहन दुर्गावती, मां संगीता देवी, पिता धनेश सिंह और भाई के दोस्त आकाशदीप का भी जिक्र किया है। आरोप है कि ये लोग भी उस पर अजय से शादी करने का दबाव बनाते थे। साथ ही अजय का खर्च उठाने के लिए कहते थे। ऐसा नहीं करने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इस मामले में कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया, युवती और युवक दोनों कैंट क्षेत्र में ही रहकर तैयारी करने के दौरान एक दूसरे के संपर्क में आए थे। फिलहाल युवती ने जो तहरीर दी है, उसके आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)