मऊ में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना:5131 मतदाता 10 केंद्रों पर करेंगे मतदान; 27 अक्टूबर को होगी मतगणना
मऊ। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर मऊ जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जिले के 5131 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए जिले के सभी नौ ब्लॉक मुख्यालयों और मऊ नगरपालिका कार्यालय सहित कुल 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जा रहा है, जो शाम तक अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 10 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी कलेक्ट्रेट परिसर से की जा रही है। मतदान केंद्रों पर पहुंचने के बाद पोलिंग पार्टियां चुनाव संबंधी तैयारियां पूरी करेंगी, ताकि निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराया जा सके। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा मतदान शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम चार बजे तक चलेगा। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। मतदान के बाद गोरखपुर भेजी जाएंगी मतपेटियां जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को निर्धारित व्यवस्था के तहत गोरखपुर भेजा जाएगा। इस चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त के स्तर पर कराई जाएगी। मतगणना के बाद ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी 10 मतदान केंद्रों पर शिक्षक मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)