मथुरा एमएलसी चुनाव में शिक्षक वर्ग में 32.21% मतदान:दोपहर 1:30 बजे तक स्नातक वर्ग में 27.97% वोटिंग दर्ज की गई
मथुरा में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पहुंच रहे हैं। दोपहर 1:30 बजे तक शिक्षक वर्ग में 32.21 प्रतिशत और स्नातक वर्ग में 27.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मथुरा में बनाए गए विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने क्षेत्र पंचायत कार्यालय मथुरा मतदान केंद्र, सुभाष इंटर कॉलेज मथुरा, राजकीय इंटर कॉलेज मथुरा और श्री चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज मथुरा मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मतदाताओं को मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाता सूची में नाम या विवरण से संबंधित गड़बड़ी की शिकायतों पर भी प्रशासन का ध्यान है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार पात्र मतदाताओं की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक चुनाव में मतदान शाम 4 बजे तक होना निर्धारित है। इसके बाद सभी प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो जाएगा। अब तक के मतदान प्रतिशत के आधार पर दोनों वर्गों में मतदाताओं की भागीदारी पर नजर बनी हुई है। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)